क्या जेनेटिक टेस्ट कराने से भविष्य में होने वाली बीमारियों का पता लगाया जा सकता है? जानें एक्सपर्ट से

Genetic Tests Benefits: जेनेटिक टेस्ट के जरिए डीएनए से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं, जिससे भविष्य में होने वाली बीमारियों का पता लगाया जा सकता है। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : February 27, 2025 6:09 PM IST

Benefits Of Genetic Tests: वर्तमान समय में लोग कई तरह की गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इनमें से कुछ बीमारियां ऐसी भी हैं, जिनका पता एडवांस स्टेज में ही चल पाता है। ऐसे में, जब समस्या गंभीर हो जाती है, तब लोग कई तरह के टेस्ट करवाते हैं। लेकिन समय रहते बीमारी का पता न चलने के कारण मरीज का इलाज करना भी मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि सभी के लिए जेनेटिक टेस्ट कराना बहुत जरूरी है। इस जांच के जरिए भविष्य में होने वाली बीमारियों के बारे में पता लगाया जा सकता है। इसके अलावा, व्यक्ति को यह भी पता चल पाता है कि किसी आनुवंशिक विकार से पीड़ित होने की जोखिम है।

दिल्ली स्थित मॉलिक्युलर बायोलॉजी रीजनल रेफरेंस लैब के कंसल्टेंट और हेड डॉ प्रणव गुप्ता ने बताया कि जेनेटिक टेस्ट आपके डीएनए की जांच करके आपको स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देता है। इससे यह पता चल सकता है कि क्या आपको जन्म दोष, गुणसूत्र संबंधी विकार या वंशानुगत कैंसर जैसे रोग हो सकते हैं या नहीं। दरअसल, डीएनए हमारे शरीर के ब्लूप्रिंट के रूप में कार्य करता है। मुख्य रूप से, इसमें ऐसी जानकारी होती है, जो आपके शारीरिक लक्षणों से लेकर बीमारी के निदान तक सब कुछ निर्धारित करने में मदद करता है। जेनेटिक टेस्ट से यह पता चल सकता है कि आपको डायबिटीज, कैंसर या हृदय संबंधी रोग विरासत में मिले हैं या भविष्य में इनके विकसित होने का जोखिम है। इसके अलावा, जेनेटिक टेस्ट के जरिए यह भी पता लगाया जा सकता है कि आपका शरीर कुछ दवाओं के प्रति किस तरह से प्रतिक्रिया करता है। इसके आधार पर व्यक्ति अपने खानपान और जीवनशैली में बदलाव कर सकता है और भविष्य में किसी बीमारी से बच सकता है।

जेनेटिक टेस्ट का फायदा

व्यक्तिगत चिकित्सा: सभी उपचार विकल्प सभी के लिए समान रूप से काम नहीं कर सकते हैं। ऐसे में, आनुवंशिक परीक्षण की मदद से डॉक्टर ऐसी दवाएं देते हैं, जो आपकी आनुवंशिक प्रोफाइल के लिए सही हों।

परिवार नियोजन: जेनेटिक टेस्ट उन कपल्स के लिए मददगार हो सकता है जो गर्भधारण करने की योजना बना रहे हैं। इससे यह पता चल सकता है कि वे किसी आनुवंशिक विकार से पीड़ित हैं, जो उनके बच्चे को हो सकता है। यह जानकारी गर्भधारण और प्रजनन संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लेने में मदद कर सकती है।

आनुवंशिक विकारों की जानकारी: आनुवंशिक परीक्षण की मदद से व्यक्ति को यह पता चल सकता है कि क्या उसे सिस्टिक फाइब्रोसिस, सिकल सेल एनीमिया या हंटिंगटन रोग जैसी बीमारियां विरासत में मिली हैं या नहीं। इन बीमारियों का जल्दी पता लगने से समय रहते इलाज करने से लक्षणों को कम किया जा सकता है।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।