
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Medically Verified By: Dr. Chirag Tandon
qdenga vaccine (AI Generated image)
बारिश का मौसम आते ही मच्छर बढ़ने लगते हैं और डेंगू जैसी खतरनाक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। हर साल बारिश के मौसम भारत में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ते हैं। हालांकि, डेंगू से बचने और मच्छरों का आतंक कम करने के लिए वैसे तो अलग-अलग तरीके अपनाए जाते हैं, लेकिन फिर भी हर बार मच्छरों को पूरी तरह से कंट्रोल करना और डेंगू के मामलों पर रोक लगाना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, हाल ही में डेंगू को लेकर आई अच्छी खबर से भारतीयों को राहत मिल सकती है। दरअसल ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (GCGI) को देश की पहली डेंगू वैक्सीन ‘क्यूडेंगा (QDENGA)’ को मार्केट में मंजूरी दे दी है। जापान की Takeda Pharmaceuticals कंपनी द्वारा बनाई जाने वाली यह खास वैक्सीन 4 से 60 साल तक की उम्र के लोगों को लगाई जाएगी। हालांकि, ऐसे में सवाल उठता है कि जिन लोगों को डायबिटीज है क्या वे ये वैक्सीन लगवा सकते हैं। इस लेख में हम एक्सपर्ट्स से जानेंगे कि क्या डायबिटीज के मरीज QDENGA वैक्सीन लगवा सकते हैं या नहीं।
डॉ. विनीता सिंह टंडन, सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, ISIC मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के अनुसार यदि आपको डायबिटीज है, तो डेंगू से सुरक्षा आपके लिए और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि डायबिटीज वाले व्यक्तियों में संक्रमण गंभीर रूप धारण कर सकता है। हालांकि, QDENGA वैक्सीन के संदर्भ में इसे हर डायबिटीज मरीज को लगवाना उचित नहीं होता और इसलिए डॉक्टर से सलाह लेनी जरूरी है। डॉक्टर मरीज की उम्र, स्वास्थ्य स्थिति, आपके पहले डेंगू के अनुभव और अन्य चिकित्सा स्थितियों को देखते हुए डॉक्टर द्वारा लिया जाना चाहिए।
यदि डायबिटीज के किसी मरीज का ब्लड शुगर लेवल काफी समय से कंट्रोल रहता है, तो डॉक्टर आपकी स्वास्थ्य जांच के बाद यह तय कर सकते हैं कि यह वैक्सीन आपके लिए सही है या नहीं। दूसरी ओर यदि आपकी शुगर का स्तर लगातार ऊंचा है, कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या है या आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है, तो पहले डॉक्टर से सलाह लेना एक महत्वपूर्ण कदम है।
साथ ही, यह ध्यान रखें कि वैक्सीनेशन के साथ-साथ डेंगू से सुरक्षा के लिए सामान्य उपाय भी उतने ही आवश्यक हैं। इनमें मच्छरों से बचने के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनना, मच्छर भगाने वाले उत्पादों का उपयोग करना और घर के चारों ओर पानी को जमा न होने देना शामिल हैं। किसी भी वैक्सीन को लगवाने से पहले स्वयं निर्णय लेने के बजाय अपने डॉक्टर से सलाह अवश्य लें। अगर आपने हाल ही में वैक्सीन लगवाई है और आपको स्वास्थ्य से जुड़ी किसी तरह की कोई समस्या हो रही है जैसे सिर चकराना या उल्टी जैसी महसूस होना आदि तो इस बारे में डॉक्टर से जल्द से जल्द बात करें।
डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य भारत में लॉन्च हुई नई डेंगू वैक्सीन के बारे में जानकारी देना है और डायबिटीज के मरीज यह वैक्सीन लगवा सकते है या नहीं आदि के बारे में बताना है। इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के लिए नहीं है और उसके लिए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।