2 से 8 साल के बच्चों में ब्लड कैंसर के ये 5 लक्षण हैं आम! इस तरह पहचानें बच्चों में होने वाली खतरनाक बीमारी

जिस तरह व्यस्कों में कैंसर का पता लगाना मुश्किल होता है, ठीक उसी तरह बच्चों में भी कैंसर का निदार बहुत मुश्किल होता है। हालांकि इसके कुछ संकेत आपको बहुत पहले ही दिखने शुरू हो जाते हैं।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : March 1, 2023 12:18 PM IST

कैंसर एक घातक बीमारी है, जिसका पता अगर समय पर चल जाए तो रोगी का जीवन बचाना आसान हो जाता है। हालांकि कैंसर के ज्यादातर मामलों में निदान बहुत देरी से होता है, जिसका खामियाजा व्यक्ति को जान गंवाकर चुकाना पड़ता है। बात जब कैंसर की होती है तो ये स्वास्थ्य स्थिति किसी भी व्यक्ति को परेशान कर सकती है, और इसमें बच्चे भी शामिल हैं। जिस तरह व्यस्कों में कैंसर का पता लगाना मुश्किल होता है, ठीक उसी तरह बच्चों में भी कैंसर का निदार बहुत मुश्किल होता है। हालांकि इसके कुछ संकेत आपको बहुत पहले ही दिखने शुरू हो जाते हैं।

शालीमार बाग स्थित मैक्स सुपर स्पेशायिलिटी हॉस्पिटल, मेडिकल ओन्कोलॉजी के सीनियर कंसलटेंट डॉ. वसीम अब्बास का कहना है कि बच्चों में ब्लड कैंसर सबसे आम होता है और अगर ये 2 से 8 साल के बीच हो तो बच्चों के लिए तमाम तरह की मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। हालांकि माता-पिता अपने बच्चों की डेली हेबिट्स में होने वाले कुछ बदलावों की मदद से इस घातक कैंसर का पता लगा सकते हैं। ब्लड कैंसर को ल्यूकेमिया भी कहते हैं, जो कि एक घातक कैंसर है। आइए जानते हैं बच्चों में ल्यूकेमिया के लक्षण।

1-खून की कमी

अगर आपको अपना बच्चा बीते कुछ दिनों से थका-थका दिखाई दे रहा है और साथ ही उसकी स्किन पीली भी पड़ रही है तो आपको तुरंत बच्चे का ब्लड टेस्ट कराने की जरूरत है। इसके अलावा अगर आपका बच्चा जल्दी-जल्दी हांफ रहा है तो भी ये एक खतरे का संकेत हो सकता है।

2-पेट में दिक्कत

अगर आपका बच्चा बिना कुछ कहें बार-बार अपना पेट पकड़ लेता है या फिर उसे पेट में तेज दर्द रहता है, जिसके साथ भूख न लगना और वजन कम होना जैसी परेशानियां भी होती है तो आपको तुरंत डॉक्टर से जांच कराने की जरूरत है। ये एक ऐसी स्थिति है, जो बच्चों के लिए काफी हानिकारक साबित हो सकती है।

3-इन जगहों पर सूजन

अगर आपके बच्चे की जांघ के बीच में, सीने या फिर गर्दन के आस-पास की जगह सूजी हुई दिखाई दे रही है तो आपको अपने बच्चे का ब्लड टेस्ट कराने की जरूरत है। जी हां, इन जगहों पर सूजन बच्चों में ब्लड कैंसर का एक संकेत हो सकती है। इसलिए शरीर में होने वाली इस प्रकार की सूजन को नजरअंदाज न करें।

4-ब्लीडिंग होना

अगर आपके बच्चे के जरा सी खरोंच लगते ही या फिर गिरते ही शरीर से खून निकलनेलगे और रुकने का नाम ले तो आपको तुरंत बच्चे का ब्लड टेस्ट कराने की जरूरत है। ये एक ऐसी स्थिति है, जिसे कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए क्योंकि आगे चलकर ये बड़े खतरा का संकेत बन सकती है।

5-हड्डियों और जोड़ों में दर्द

अगर बच्चे के पीठ के निचले हिस्से में दर्द रहता है या फिर बच्चा लगातार हाथ-पैर में दर्द की शिकायत करता है तो आपके लिए जरूरी है कि आप अपने बच्चे का टेस्ट कराएं। जी हां, हड्डियों और जोड़ों में दर्द ज्यादा दिनों तक बने रहने से आपके बच्चे के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source