पीठ में हो रहा दर्द कहीं Sciatica तो नहीं? इन 4 लक्षणों से करें सही पहचान और जानें क्या है इसका इलाज

Sciatica symptoms: पीठ के दर्द को आम सर्दियों में होने वाला दर्द न समझें क्योंकि यह साइटिका भी हो सकता है। जानें ऐसे 4 लक्षण जो बताते हैं कि आप साइटिका से ग्रस्त हैं और साथ ही इसके इलाज के बारे में जानें।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : January 6, 2023 10:27 AM IST

Early signs of sciatica: पीठ में होने वाला दर्द काफी परेशान कर देने वाली स्थिति पैदा कर देता है। यह ऐसा दर्द है उठते-बैठते हर समय आपको परेशान करता है। कुछ लोगों को पीठ में होने वाला दर्द इतना गंभीर होता है कि कई बार चलने फिरने और यहां तक कि सोते समय भी परेशान करता है। दरअसल, पीठ में होने वाला दर्द अक्सर तब होता है, जब हम शरीर से अचानक से ज्यादा मेहनत करवा लेते हैं या फिर ज्यादा बोझ आदि उठा लेते हैं। लेकिन कई बार कुछ बीमारिया भी होती हैं, जो पीठ दर्द का कारण बन सकती हैं। साइटिका ऐसी ही एक बीमारी है, जिसके कारण पीठ में दर्द होता है और यही दर्द धीरे-धीरे एक या दोनों टांगों में पहुंच जाता है। साइटिका के शुरुआती लक्षणों को अक्सर इग्नोर कर दिया जाता है और बाद में स्थिति गंभीर हो जाती है। चलिए जानते हैं क्या है साइटिका की समस्या और इसके लक्षणों की पहचान कैसे करें।

पहले जान लें क्या है साइटिका

जब साइटिक नस किसी कारण से दब जाती है, तो उस कारण से होने वाले दर्द को साइटिका पेन या साइटिका रोग कहा जाता है। साइटिका आमतौर पर डिस्क में हर्निया, हड्डी बढ़ना या रीढ़ की हड्डी में किसी प्रकार की असामान्यता के कारण होता है। कुछ दुर्लभ मामलों में ट्यूमर आदि की समस्या के कारण भी हर्निया हो सकता है।

इन लक्षणों की करें पहचान

साइटिका का दर्द एक सामान्य पीठ या टांग के दर्द जैसा प्रतीत होता है। इसके लक्षणों की पहचान इस प्रकार की जा सकती है -

1. टांग सुन्न व झुनझुनी होना

साइटिका का दर्द नस के दबने के कारण होता है और इस कारण से उस नस वाला हिस्सा सुन्न हो जाता है। अगर आपको कई दिनों में टांग का कोई हिस्सा सुन्न होना, झुनझुनी या जलन जैसा महसूस होता है तो यह साइटिका का संकेत हो सकता है।

2. पेन रेडिएट होना

अगर आपका दर्द पीठ से लेकर टांग तक महसूस होता है, तो यह साइटिका का दर्द हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि पीठ में किसी प्रकार की दिक्कत के कारण दर्द होता है और उस से प्रभावित नस के कारण टांग में दर्द होता है।

3. पीठ के साथ टांग में दर्द

पीठ और टांग में एक साथ दर्द होना साइटिका का लक्षण हो सकता है। साइटिक नर्व आमतौर पर पीठ के पीछे की रीढ़ की हड्डी में से ही दब जाती हैं और इस कारण से दर्द वहीं से शुरू होता है। यह नस टांग के जिस हिस्से में जाती है दर्द वहीं तक शुरू हो सकता है। हालांकि, ऐसा जरूरी नहीं है, कई बार साइटिका से टांग के किसी एक हिस्से में ही दर्द महससू होता है।

4. चलने-फिरने पर दर्द बढ़ना -

साइटिका के दर्द का आप इससे भी पहचान कर सकते हैं। नस का यह दर्द आमतौर पर चलने-फिरने से बढ़ जाता है और रेस्ट करने से बहुत धीरे-धीरे ठीक होने लगता है। अगर आपकी पीठ में दर्द है और चलने-फिरने से वह गंभीर हो रहा है, तो यह साइटिका हो सकता है।

क्या है साइटिका का इलाज

साइटिका का इलाज करन के लिए के लिए डॉक्टर सबसे पहले एक्सरे व अन्य स्कैन की मदद से इसकी पुष्टि करते हैं। यदि इस बात की पुष्टि हो जाती है, कि आप साइटिका के दर्द से ही ग्रसित हैं, तो इसका इलाज शुरू किया जाता है। साइटिका का इलाज डॉक्टर आमतौर पर कुछ खास प्रकार की एक्सरसाइज, थेरेपी व दवाओं की मदद से करते हैं। इस दौरान पेन किलर भी दी जाती हैं, ताकि जब तक बीमारी का इलाज नहीं हो जाता आपको दर्द न झेलना पड़े।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source