hamburger icon
A
Read in English

बवासीर (पाइल्स) में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? डॉक्टर बता रहे हैं पूरा डाइट प्लान

बवासीर के मरीजों का अगर खानपान सही हो तो इसमें होने वाले दर्द को कंट्रोल किया जा सकता है। आइए जानते हैं बवासीर (पाइल्स) में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं (Bawasir me kya Khana Chahiye aur Kya Nahi Khana Chahiye)?

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : February 23, 2026 4:55 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Alok kumar Singh

Bawasir me kya Khana Chahiye aur Kya Nahi Khana Chahiye: बवासीर, जिसे मेडिकल भाषा में हेमोरॉयड्स (Hemorrhoids) कहा जाता है। बवासीर सुनने में बेशक से आम लगती है, लेकिन बहुत ही दर्दनाक समस्या है। बवासीर में गुदा (anus) और मलाशय (rectum) की नसों में सूजन आ जाती है, जिससे दर्द, खुजली, सूजन और मल त्याग के दौरान खून आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गलत खान-पान और कब्ज इसकी सबसे बड़ी वजह मानी जाती है।

यथार्थ हॉस्पिटल नोएडा 110 यूनिट के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. आलोक कुमार सिंह के अनुसार, बवासीर जैसी समस्या में खानपान का विशेष महत्व है। बवासीर के मरीजों का खानपान सही हो, तो लक्षणों को काफी हद तक कम किया जा सकता है और बीमारी की स्थिति को भी बचाने से रोका जा सकता है।

बवासीर के स्टेज क्या हैं?

बवासीर में डाइट का महत्व

डॉ. आलोक कुमार सिंह बताते हैं कि बवासीर की मुख्य वजह कब्ज और मल त्याग के समय ज्यादा जोर लगाना है। जब मल सख्त होता है, तो नसों पर दबाव बढ़ता है और सूजन बढ़ जाती है। इस स्थिति में डॉक्टर बवासीर के मरीजों को हाई फाइबर युक्त आहार का सेवन करने की सलाह देते हैं। साथ ही, ज्यादा से ज्यादा मात्रा में पानी पीने के लिए कहते हैं। फाइबर युक्त आहार और पानी लेने से मल मुलायम बनता है और मल त्याग की प्रक्रिया भी आसान हो जाती है।

बवासीर में क्या खाना चाहिए?

  1. फाइबर युक्त खाना- बवासीर के मरीजों को जहां तक संभव हो, फाइबर युक्त आहार जैसे ओट्स, दलिया, ब्राउन राइस, चोकर युक्त आटा और साबुत अनाज खाने की सलाह दी जाती है। फाइबर मल को मुलायम बनाता है और कब्ज की परेशानीको दूर करता है। इससे बवासीर के कारण होने वाला दर्द धीरे-धीरे कम होने लगता है।
  2. हरी पत्तेदार सब्जियां- हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे की पालक, मेथी, सरसों का साग में फाइबर, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। बवासीर के मरीज हरी पत्तेदार सब्जियां खाएं तो इससे बवासीर का दर्द और जलन की समस्या कम होती है।
  3. इसबगोल की भूसी- इसबगोल प्राकृतिक फाइबर सप्लीमेंट है जो मल त्याग आसान करता है। बवासीर के मरीज इसबगोल की भूसी खाएं तो इससे मल त्याग आसानी से हो जाता है। लेकिन ध्यान रहे कि बवासीर के मरीजों को इसबगोल की भूसी केवल डॉक्टर की सलाह पर ही खानी चाहिए।
  4. पानी और अन्य तरल पदार्थ- बवासीर के मरीजों को पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ जैसे की नारियल पानी, छाछ का भी सेवन ज्यादा से ज्यादा मात्रा में करना चाहिए। पानी और अन्य तरल पदार्थ मल को मुलायम बनाकर मल त्याग की प्रक्रिया को आसान करते हैं, जिससे बवासीर के मरीजों की परेशानी कम होती है।

बवासीर के मरीजों को क्या नहीं खाना चाहिए?

  1. ज्यादा तेल और मसाले- बवासीर के मरीजों को ज्यादा तेल और मसाले वाला खाना खाने से बचना चाहिए। डॉक्टर बताते हैं कि मिर्च-मसालेदार भोजन, पकौड़े, समोसे जैसी चीजें पाचन क्रिया को खराब करती हैं और बवासीर की परेशानी को बढ़ाती हैं।
  2. चाय और कॉफी- चाय और कॉफी में कैफीन पाया जाता है। अधिक कैफीन शरीर को डिहाइड्रेट कर सकता है। इससे बवासीर के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
  3. शराब और सिगरेट- बवासीर के मरीजों को शराब और किसी भी प्रकार की स्मोकिंग से भी दूरी बनाकर रखनी चाहिए। शराब और सिगरेट ब्लड सर्कुलेशन को प्रभावित करते हैं और स्थिति बिगाड़ सकते हैं।

Highlights

  • बवासीर एक दर्दनाक समस्या है।
  • बवासीर में खानपान सही होना जरूरी है।
  • बवासीर में चाय-कॉफी नहीं पीनी चाहिए।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।