ब्लड प्रेशर हाई होने पर न करें ये 5 गलतियां, वरना झेलना पड़ेगा भारी नुकसान
High BP Walo Ke Liye Tips: ब्लड प्रेशर हाई होने पर आसपास के लोगों द्वारा सलाह दी जाती है कि आपको क्या करना चाहिए, क्या खाना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। लेकिन कोई यह नहीं बताता है कि किन गलतियों की वजह से बीपी हाई होता है। आइए डॉक्टर से जानते हैं।
BP High Kyu Ho Jata Hai: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हाई ब्लड प्रेशर यानी कि हाइपरटेंशन एक आम लेकिन खतरनाक समस्या बन चुका है। इसे साइलेंट किलर’ भी कहा जाता है क्योंकि कई बार इसके लक्षण तो साफ नहीं दिखाई देते हैं, लेकिन यह दिल, दिमाग, किडनी और आंखों पर गंभीर असर डाल सकता है। आकाश हेल्थकेयर के सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर प्रभात रंजन सिन्हा के अनुसार अगर बीपी को समय पर नियंत्रण न किया जाए तो हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी फेल्योर जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
डॉक्टर रंजन कहते हैं, कि हाई ब्लड प्रेशर को हल्के में लेना सबसे बड़ी गलती है। अगर मरीज नियमित दवा, सही खानपान और जीवनशैली का पालन नहीं करता, तो धीरे-धीरे शरीर के अहम अंगों को स्थायी नुकसान हो सकता है।’
हम बिल्कुल नहीं चाहते कि आपकी सेहत पर थोड़ी भी आंच आए, इसलिए आज हम आपको जाने-अनजाने आपके ही द्वारा की जाने वाली 5 ऐसी गलतियों के बारे में बताने वाले हैं, जो ब्लड प्रेशर के हाई होने पर बिल्कुल नहीं की जानी चाहिए। अगर आप हेल्दी बॉडी चाहते हैं तो डॉक्टर की बताई इन टिप्स को जरूर फॉलो करें।
दवा खुद से बंद कर देना है पहली गलती
डॉक्टर बताते हैं कि कई लोग जब बीपी कंट्रोल में आ जाता है तो दवा लेना बंद कर देते हैं। यह बेहद खतरनाक हो सकता है। ब्लड प्रेशर की दवा डॉक्टर की सलाह से ही शुरू या बंद करनी चाहिए। अचानक दवा रोकने से बीपी तेजी से बढ़ सकता है, जिससे स्ट्रोक या हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है।
नमक और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन
किसी भी रूप में नमक का अधिक सेवन ब्लड प्रेशर को बढ़ाने का प्रमुख कारण बनता है। डॉक्टर कहते हैं कि अचार, पापड़, नमकीन, चिप्स और पैकेज्ड फूड में सोडियम ज्यादा मात्रा में होता है। हाई बीपी वाले मरीजों को रोजाना लिए जाने वाले नमक की मात्रा को सीमित रखना चाहिए और ताजे फल-सब्जियों को प्राथमिकता देनी चाहिए। यह आपको पोषण देंगे।
नियमित जांच न कराना
डॉक्टर रंजन बताते हैं कि 'कई मरीज सोचते हैं कि जब कोई लक्षण नहीं है तो जांच करवाने की भी जरूरत नहीं है। लेकिन हाई ब्लड प्रेशर में समय-समय पर मॉनिटरिंग करना या करवाना बेहद जरूरी होता है। आप घर पर ही डिजिटल बीपी मशीन ला सकते हैं जिससे हफ्ते में कम से कम 2-3 बार जांच कर सकते हैं और रिपोर्ट डॉक्टर को दिखा सकते हैं।
तनाव और नींद की अनदेखी
लगातार तनाव और कम नींद भी ब्लड प्रेशर बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए रोजाना 7-8 घंटे की नींद लेना, योग करना, ध्यान करना और हल्की एक्सरसाइज करना आदि यह सभी ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मददगारसाबित होते हैं। आप डॉक्टर की बताई इन बातों को अपने डेली रूटीन में शामिल कर सकते हैं।
धूम्रपान और शराब का सेवन
स्मोकिंग और अल्कोहल से ब्लड वेसल्स सिकुड़ती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर और बढ़ सकता है। हाई बीपी मरीजों को इन आदतों से पूरी तरह दूरी बनानी चाहिए। डॉक्टर आगे कहते हैं कि लाइफस्टाइल में छोटे-छोटे बदलाव, जैसे रोज 30 मिनट तेज चाल से चलना, बैलेंस डाइट लेना और नियमित हेल्थ चेकअप करवाना आदि यह चीजें हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में बहुत प्रभावी होते हैं। याद रखें कि नियंत्रण में रखा गया बीपी ही लंबे और स्वस्थ जीवन की कुंजी है।’
एक्सपर्ट का मानना है कि सही समय पर जागरूकता और अनुशासन अपनाकर हाई ब्लड प्रेशर के गंभीर दुष्परिणामों से बचा जा सकता है। इसलिए लापरवाही न करें, नियमित जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह का पालन करें।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।