
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 13, 2023 6:24 PM IST
सर्दियों के दिनों में आर्थराइटिस यानी गठिया के दर्द की समस्या और भी बढ़ जाती है। ये मौसम आर्थराइटिस से पीड़ित लोगों के लिए बहुत ही कष्टदायक और डरावना हो जाता है। गठिया एक प्रकार का विकार है, जो उपास्थि के जलने के कारण होता है। इसके कारण जोड़ों में सूजन और दर्द की समस्या हो जाती है। गठिया प्रमुख रूप से दो प्रकार के होते हैं, प्राइमरी ऑस्टियोआर्थराइटिस और रुमेटाइड आर्थराइटिस। ये बात सच है कि सर्दियों में गठिया का दर्द असहनीय हो जाता है, लेकिन कुछ सही कदम उठाकर आप इससे काफी हद तक राहत पा सकते हैं, ये कैसे संभव है, चलिए ये जानते हैं।
सर्दी के मौसम में तापमान में गिरावट के साथ रक्त वाहिकाओं में संकुचन होता है, जिससे रक्त परिसंचरण धीमा हो जाता है और सूजन व दर्द की समस्या बढ़ जाती है। इसके साथ ही इस मौसम में शरीर के जोड़ प्रो-इंफ्लेमेटरी पदार्थों के संचय पर प्रतिक्रिया करते हैं, जिसके कारण भी दर्द और ऐंठन बढ़ जाती है। इस दौरान शरीर में दर्द रिसेप्टर्स अधिक संवेदनशील हो जाते हैं, जिससे गठिया के रोगियों को अधिक परेशानी होती है। कम धूप के कारण शरीर में विटामिन डी की कमी हो जाती है, जिससे हड्डियां और जोड़ कमजोर हो जाते हैं, यही कारण है कि गठिया का दर्द बढ़ जाता है।
आपकी डाइट का गठिया पर काफी असर पड़ता है। संतुलित आहार आपकी इम्यूनिटी को बढ़ाता है। साथ ही हड्डियों और जोड़ों को मजबूत करता है। इसलिए अपनी डेली डाइट में ओमेगा 3 फैटी एसिड भरपूर खाना खाएं। आप डाइट में मछली, कॉड लिवर ऑयल, बीन्स, सोया, नट्स आदि शामिल करें। इन खाद्य पदार्थों में पाए जाने वाले ईकोसैपेंटेनोइक एसिड और डोकोसाहेक्सैनोइक एसिड जोड़ों की सूजन को कम करते हैं। ध्यान रखें कार्बोहाइड्रेट से भरपूर खाद्य पदार्थों से दूरी बना लें। साथ ही मीठा और डेयरी प्रोडक्ट भी कम खाएं।
अपना वजन कम करके आप गठिया के दर्द को कम कर सकते हैं। अधिक वजन के कारण आपकी हड्डियों व जोड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे दर्द और सूजन दोनों बढ़ सकती हैं। इसके लिए आप नियमित व्यायाम करें। दरअसल, शारीरिक गतिविधियां शरीर को गर्म रखती हैं, जिससे सर्दी का प्रभाव कम हो जाता है। साथ ही आपके जोड़ व मांसपेशियां लचीली बनती हैं। वॉक को अपने रूटीन में शामिल करें। स्ट्रेचिंग करने से मांसपेशियों और जोड़ों को आराम मिलेगा। अगर आप ज्यादा एक्सरसाइज नहीं कर सकते तो हल्के व्यायाम, जैसे घुटनों-टखनों-कलाइयों को मोड़ना, हाथ पैरों की अंगुलियों को फैलाना आदि करें।
सर्दियों में अक्सर लोग पानी कम पीने लगते हैं, जिससे भी गठिया का दर्द बढ़ जाता है। इसलिए आप शरीर को हाइड्रेट रखें। नियमित रूप से तरल पदार्थों का सेवन करें। तरल पदार्थ जोड़ों में घर्षण के स्तर को कम करने में मदद करते हैं, जिससे आपको चलने फिरने में आसानी रहेगी, जोड़ों का दर्द कम होगा।
विटामिन डी की कमी के कारण गठिया का दर्द और ऑस्टियोआर्थराइटिस का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए सर्दियों में आप भरपूर धूप लें। साथ ही शरीर को गर्म रखने की कोशिश करें। हमेशा गर्म कपड़े पहनकर रहें। हाथ-पैरों का ढककर रखें। जोड़ों की ऐंठन कम करने के लिए आप गर्म पानी की थैली का उपयोग भी कर सकते हैं।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.