
Also Read
किसी तरह के दर्द से परेशान व्यक्ति के लिए ठंड का मौसम और भी परेशान करने वाला होता है। वहीं यदि आप अर्थराइटिस जैसी बीमारी से परेशान हैं तो ठंड के मौसम में आपकी परेशानी और भी बढ़ने वाली है। अर्थराइटिस यानी गठिया ऐसी बीमारी है जिसमें शरीर के जॉइंट्स में काफी दर्द होता है। इसके अलावा जोड़ों में सूजन और चलने फिरने में भी काफी तकलीफ होती है। यदि आप चाहते हैं कि इस बार सर्दी में आपका अर्थराइटिस का दर्द आपको परेशान न करे, तो आज हम आपको 5 घरेलू नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं। जिन्हें अपनाकर आप अपने दर्द को दूर कर सकते हैं।
अर्थराइटिस की समस्या से निजात पाने में लहसुन एक कारगर उपाय है। इसमें ‘डायलिल डाइसल्फाइड’ कंपाउंड पाया जाता है, जो लहसुन को एंटी-इंफ्लेमेटरी बनाता है। ऐसे में यदि आप रोज लहसुन का सेवन करते हैं तो इससे आपके जोड़ों में होने वाली सूजन से निजात मिल सकती है। अर्थराइटिस के मरीज को रोज सुबह 2-3 कली लहसुन गर्म पानी के साथ खानी चाहिए।
सर्दी के मौसम में बढ़े हुए अर्थराइटिस के दर्द को दूर करने के लिए आप हल्दी का इस्तेमाल सकते हैं। हल्दी में मौजूद तत्व करक्यूमिन एक एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व है, जो दर्द के कारण शरीर में आई सूजन को दूर करने का काम करता है।आप हल्दी का लेप भी जोड़ों पर लगा सकते हैं, हल्दी का लेप तैयार करने के लिए आप 4 चम्मच नारियल के तेल में 1 चम्मच हल्दी मिला लें। इस तरह तैयार मिश्रण को आप जोड़ों के ऊपर लेप की तरह लगा सकते हैं।
यदि आप इस बार सर्दी में अर्थराइटिस के दर्द को कंट्रोल में रखना चाहते हैं तो आपको कैस्टर ऑयल की मालिश अपने जोड़ों पर रोज करनी चाहिए। अर्थराइटिस के दर्द को दूर करने में अरंडी का तेल काफी कारगर उपाय है। इसके लिए आप अरंडी के तेल को हल्का गर्म करके प्रयोग करें। इस तेल की मालिस हल्के हाथ से जोड़ों पर करें। इससे आपको काफी राहत मिल सकती है।
मेथी अर्थराइटिस का इलाज करने के लिए बेहतरीन घरेलू उपाय है। आप इसका रोजाना सेवन करके अपनी इस समस्या को जड़ से मिटा सकते हैं। इसके लिए आप 2 चम्मच मेथी दाने को रात भर पानी में भीगने के लिए छोड़ दें। सुबह उठकर इस मेथी दाने को चबाकर खा लें और इस पानी को पी लें। इससे अर्थराइटिस के दर्द को दूर करने में काफी राहत मिलती है।
गर्म सिकाई भी अर्थराइटिस के दर्द से निजात पाने में काफी फायदा पहुंचा सकती है। इसके लिए आप गर्म पानी का पैक लेकर उससे अपने जोड़ों की सिकाई कर सकते हैं। गर्म पानी की सिकाई से अर्थराइटिस के कारण जोड़ों में आई सूजन ठीक होती है जो ठंड में बढ़ने वाले दर्द को भी कम करने का काम करती है।
Disclaimer: अर्थराइटिस एक गंभीर समस्या है जिसका उपचार कराना बेहद जरूरी है। लेकिन अपनी लाइफस्टाइल और खानपान में कुछ जरूरी बदलाव कर आप इस समस्या के प्रभाव को कम कर सकते हैं। इसके अलावा आप अर्थराइटिस के लिए कोई भी उपचार करने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।