
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : September 24, 2024 5:05 PM IST
Alia Bhatt: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट इन दिनों दो वजहों से काफी चर्चा में हैं। पहली वजह यह है कि वे पेरिस फैशन वीक 2024 में पहली रैंप वॉक करने जा रही हैं। वहीं, दूसरी वजह है उनकी बीमारी, जिसके बारे में आलिया ने हाल ही में खुलासा किया। जी हां, आलिया ने हाल ही में एक विदेशी मैगजीन के साथ इंटरव्यू में बताया कि वे एडीडी (ADD) से पीड़ित हैं। इसकी वजह से उन्हें कई बार काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी शादी वाले दिन भी मेकअप आर्टिस्ट को दो घंटे तक मेकअप चेयर पर बैठने के लिए साफ-साफ मना कर दिया था।
आलिया ने अपने इंटरव्यू के दौरान कहा था कि मुझे एडीडी है। मेकअप में बहुत ज्यादा समय लगाने में मुझे दिलचस्पी नहीं है। जो भी कुछ करने की जरूरत हो, वह बस जल्द से जल्द हो। यही वजह है कि आलिया ने अपनी शादी वाले दिन मेकअप आर्टिस्ट से कहा था कि वह 45 मिनट से ज्यादा मेकअप चेयर पर नहीं बैठ पाएंगी। दरअसल, एडीडी के कारण आलिया किसी भी एक काम में बहुत ज्यादा देर तक ध्यान नहीं लग पाती हैं।
एडीडी यानी अटेंशन डेफिसिट डिसऑर्डर (Attention Deficit Disorder)। यह एक न्यूरो डेवलपमेंटल डिसऑर्डर है, जो हाइपरएक्टिविटी और आवेगशीलता से चिन्हित होता है। अटेंशन डेफिसिट का मतलब है किसी भी एक काम पर लगातार ध्यान लगाए रखने में की क्षमता में कमी होना। एडीडी से जूझ रहे लोग किसी भी एक काम में बहुत ज्यादा देर तक फॉक्स बनाए रखने में असमर्थ होते हैं। ऐसे लोग किसी भी काम को जल्दी खत्म करने की कोशिश करते हैं। आमतौर पर, एडीडी बच्चों में होता है। लेकिन कई बार वयस्कों में भी यह समस्या देखने को मिलती है।
यह डिसऑर्डर किसी दवा से नहीं, बल्कि थेरेपी से सही हो सकता है। जिस बच्चे में भी ये डिसऑर्डर दिखे, उसे ऑकुपेशनल थेरेपिस्ट (ओटी) के पास ले जाना चाहिए। थेरेपी से एडीडी की समस्या दूर हो सकती है।