पानी पीते ही 10-15 मिनट में आ जाता है पेशाब? जानिए क्या यह किसी बीमारी का संकेत है

कई लोगों को पानी पीने के 10 से 15 मिनट के बाद पेशाब आने लगता है। आइए जानते हैं इसके कारण....

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : March 15, 2026 7:54 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Sanjay Gupta

मैं जैसे ही पानी पीती हूं, सिर्फ 10 से 15 मिनट के बाद ही पेशाब आने लगता है। क्या यह कोई बीमारी है? क्या पानी पीने के कुछ समय बाद पेशाब आना किसी बीमारी का संकेत तो नहीं हैं?

मॉडल टाउन स्थित यथार्थ हॉस्पिटल के डॉ. संजय गुप्ता का कहना है कि पानी पीना शरीर के लिए बेहद जरूरी है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और किडनी सही तरीके से काम करती है, लेकिन कई लोगों को यह समस्या होती है कि पानी पीने के कुछ ही समय बाद उन्हें बार-बार पेशाब करने की जरूरत महसूस होती है।

पानी पीने के बाद पेशाब आने के कारण

डॉक्टर का कहना है कि हम सबको सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि पानी पीने के बाद पेशाब आना शरीर की सामान्य प्रक्रिया है। जब आप ज्यादा मात्रा पानी या कोई भी अन्य तरल पदार्थ लेते हैं, तो इससे किडनी फंक्शन फिल्टर करके पेशाब के जरिए बाहर निकाल देता है। यदि आप कम समय में बहुत ज्यादा पानी पी लेते हैं, तो स्वाभाविक रूप से बार-बार पेशाब आ सकता है। इसके अलावा ठंडा मौसम, कैफीन का सेवन और कुछ दवाइयां भी पेशाब की मात्रा बढ़ा सकती हैं।

  1. ओवरएक्टिव ब्लैडर (Overactive Bladder)- किसी कारण से अगर आपको बिना ज्यादा पानी पिए भी बार-बार पेशाब आने की परेशानी हो रही है, तो यह ओवरएक्टिव ब्लैडर का संकेत हो सकता है। इसमें मूत्राशय की कोशिकाएं ज्यादा एक्टिव हो जाती हैं। इससे बार-बार पेशाब आता है।
  2. डायबिटीज- बार-बार पेशाब आना डायबिटीज का भी एक शुरुआती लक्षण हो सकता है। पानी पीने के बाद पेशाब आ रहा है और प्यास भी लग रही है तो एक बार डॉक्टर की सलाह पर डायबिटीज टेस्ट जरूर करवाएं।
  3. यूरिन इन्फेक्शन (UTI)- यदि बार-बार पेशाब आने के साथ जलन, दर्द या बदबूदार पेशाब की समस्या हो रही है, तो यह यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (UTI) का संकेत हो सकता है।
  4. किडनी से जुड़ी समस्या- कुछ मामलों में किडनी से जुड़ी समस्याओं के कारण भी बार-बार पेशाब आ सकता है। किडनी शरीर में तरल पदार्थ और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखती है।

ज्यादा पेशाब आने पर डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?

डॉ. संजय गुप्ता बताते हैं कि पानी पीने के बाद कुछ समय बाद ही आपको कुछ लक्षण खुद में नजर आते हैं, तो इस स्थिति में तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए।

  1. हर 10- 15 मिनट में पेशाब आना
  2. पेशाब करते समय जलन या दर्द
  3. पेशाब में यूरिन के साथ खून आना
  4. पेशाब करते समय पीठ में दर्द रहना
  5. बार-बार प्यास लगना
  6. रात में कई बार पेशाब के लिए उठना

बार-बार पेशाब आने की समस्या से कैसे बचें?

बार-बार पेशाब की समस्या से बचने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं:

  1. पानी एक साथ ज्यादा मात्रा में न पिएं, बल्कि थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पिएं
  2. चाय और कॉफी जैसे ड्रिंक जिसमें कैफीन होता है, उसका सेवन सीमित मात्रा में करें।
  3. रात को सोने से पहले ज्यादा मात्रा में पानी पीने से बचें।
  4. खाने में तरल पदार्थों का सेवन सीमित मात्रा में करने की कोशिश करें।

Highlights

  • बार-बार पेशाब आना बीमारी का संकेत होता है।
  • पेशाब आने पर ज्यादा पानी पीने से बचना चाहिए।
  • पेशाब की समस्या होने पर डॉक्टर से जांच जरूरी है।

Disclaimer: प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।