
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : August 2, 2022 6:10 PM IST
फैशन का दौर बहुत जल्दी बदलता है और जब से इंटरनेट आया है उसके बाद तो फैशन ट्रेंड तेजी से बदलने लगा है। कभी लोग टाइट जींस पहने खुद को कूल समझते हैं तो कभी फिर से खुल्ली और लूज फिटिंग वाली जींस पहनने का ट्रेंड आ जाता है। ऐसे ही जूतों का फैशन भी आता है और आजकल लोग बिना सॉक्स के जूते पहनने लगे हैं। वैसे तो छोटी जुराबें पहनने का फैशन तो काफी समय से चलता आ रहा है, लेकिन आजकल बिना जुराब के ही जूते पहनने का ट्रेंड भी चल पड़ा है। यदि आपको भी बिना जुराब के जूते पहन कर घूमना पसंद है, तो यह खबर आपको भी पढ़नी चाहिए। क्योंकि हाल ही में की गई एक रिसर्च में यह पाया गया कि जुराब के बिना जूते पहनना हेल्थ के लिए नुकसानदायक हो सकता है और इससे सिर्फ पैरों में ही नहीं बल्कि शरीर संबंधी अन्य कई बीमारियां भी हो सकती हैं। चलिए जानते हैं हाल ही में की गई इस रिसर्च में बिना जुराब के जूते पहनने से क्या नुकसान होते हैं -
एबीपी लाइव के वेबसाइट पर पब्लिश की गई एक खबर के अनुसार स्टडी में यह पाया गया कि एक व्यक्ति के पैरों से दिन भर में लगभग 300 मिलीलीटर पसीना निकलता है। बिना जुराब के यह पसीना पूरी तरह से सूख नहीं पाता है और इस कारण से पैर की नमी बढ़ जाता है। पैर का मॉश्चर लेवल बढ़ने पर कई प्रकार के बैक्टीरियल व फंगल संक्रमण होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
जुराब का काम सिर्फ पैर के पसीने को सुखाना ही नहीं बल्कि पैर के तलवे को नरम रखना भी होता है। लेदर व सिंथेटिक मटेरियल से बने कुछ जूते ऐसे होते हैं, जिनके सिरे कठोर होते हैं और पैरों में छाले पड़ने का कारण बन सकते हैं। हालांकि, कुछ प्रकार के शूज ऐसे भी हैं जो अंदर से बहुत नरम होते हैं, लेकिन फिर भी जुराब पहनना एक्स्ट्रा सेफ्टी देता है।
कुछ लोगों की स्किन बहुत सेंसिटिव होती है और ऐसे में लेदर या अन्य किसी सिंथेटिक मटेरियल के संपर्क में आना एलर्जी का कारण बन सकता है। वहीं बिना जुराब के ज्यादा देर तक नमी रहना भी कुछ लोगों के पैरों में एलर्जी पैदा कर सकता है। इसलिए जरूरी है कि अच्छी क्वालिटी वाली जुराबें पहनें।
जुराब के बिना जूते पहनना सिर्फ पैरों को ही नुकसान नहीं पहुंचाता बल्कि इससे ब्लड सर्कुलेशन से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं। बिना मोजे के जूते पहनने से पैर के कुछ हिस्सों पर असाधारण रूप से दबाव पड़ जाता है और इस कारण से उन हिस्सों में ठीक से ब्लड सर्कुलेशन नहीं हो पाता है।
सबसे पहले आपको यह पता लगाना चाहिए कि आपके लिए कौन से जूते सही हैं। ज्यादा टाइट जूते न पहनें और ज्यादा लूज जूते पहने से भी गिरने या फिसलने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए जरूरी है सही साइज से जूते पहनें। अच्छी क्वालिटी की जुराबें रखें और रोज बदल-बदल कर ही पहनें। जुराब की एक जोड़ी को एक दिन से अधिक समय तक न पहनें