
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : November 28, 2020 7:14 PM IST
ठंड में बहुत ही आम समस्या है फटे होंठ और फटी एड़ियां, जानिए सर्दियों में होने वाली 5 त्वचा संबंधी समस्याएं और उपचार
सर्दियों में जैसे ही मौसम अचानक से बदलता है वैसे ही हमारे शरीर के अंदर भी बहुत से बदलाव आते हैं। खास कर हमारी स्किन में बहुत सारी समस्याएं उत्पन्न हो जातीं हैं। जिस में से सबसे मुख्य सूखी, परतदार व खुजलीदार त्वचा होना।
कई बार ठंड का मौसम त्वचा के अनुकूल नहीं होता है। दरअसल ठंडे तापमान और कम आर्द्रता लेवल के परिणामस्वरूप ठंडी और शुष्क हवाएं, त्वचा से नमी को दूर कर देतीं हैं। यही नहीं आउटडोर सर्द हवायें और इनडोर गर्मी से समस्या और भी बदतर हो जाती है। ऐसे में कुछ आम निम्नलिखित समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
सर्दियों में वातावरण में बहुत कम नमी होती है इस वजह से आप के होंठ अक्सर फट जाते हैं। यदि आप की ड्राई स्किन है तो आप को यह समस्या कुछ ज्यादा ही होती होगी। परन्तु यदि आप विटामिन ए के सप्लीमेंट आदि लेते हैं तो आप के होंठ फटने की सम्भावना और अधिक हो जाती है। इन्हे ठीक करने के लिए अपने होठों पर कोई अच्छा सा बाम लगाएं। इसके साथ साथ अपने होठों को सूखे न रहने दें, खूब सारा पानी पिएं। बाहर निकलने से पहले एसपीएफ का प्रयोग भी जरूर करें।
सर्दियों में आप को फटी हुई एड़ियां भी बहुत परेशान करती होंगी। अतः इनका ख्याल रखना भी बहुत जरूरी होता है। किसी भी मॉइश्चराइजिंग क्रीम को अपनी एड़ियों पर लगाएं और जुराबें पहन लें। इससे आप के पैर हर समय मॉइश्चराइज रहेंगे। लूफा या प्यूमिक स्टोन की मदद से आप अपनी एड़ियों को स्क्रब कर सकते हैं। अपनी एड़ियों को हर समय मॉइश्चराइज रखने के लिए नारियल के तेल, किसी अच्छी क्रीम का प्रयोग कर सकते हैं।
सर्दियों में अक्सर आप का मन अपनी नाक को बार बार खुजाने का करता है। असल में इन दिनों नाक अंदर से बहुत ज्यादा सूखी सूखी लगने लगती है। इसलिए स्वयं को हर समय हाइड्रेटेड रखें। यदि आप को ज्यादा खुजली होती है तो नेज़ल ड्रॉप्स का प्रयोग कर सकते हैं। एक ह्यूमिडिफायर रखें ताकि आप के कमरे का तापमान सामान्य रहे। अपने नाक पर एक पानी बेस्ड मॉइश्चराइजर का प्रयोग करें। आप गर्म पानी की भाप भी ले सकते हैं।
आप की स्किन सर्दियों में बहुत ज्यादा सेंसिटिव व ड्राई हो जाती है, जिस कारण आप को शेविंग करते समय कट्स लगने के अधिक चांस होते हैं। इससे बचने के लिए शेविंग करते समय पानी या किसी साधारण साबुन का प्रयोग करने की बजाए किसी मॉइश्चराइजिंग फोम का प्रयोग करें। ताकि आप की स्किन ज्यादा ड्राई न रहे। आप अपनी शेविंग क्रीम में एक चुटकी कंडीशनर को भी मिक्स कर सकते हैं। इससे भी आप को ड्राई स्किन से थोड़ी सी राहत मिलेगी।
ड्राई पैच होना सर्दियों में बहुत आम है और यह वैसे तो कोई गंभीर स्थिति नहीं होती है। परन्तु यह बहुत ही दर्दनाक होते हैं। इस प्रकार की स्किन के मुख्य लक्षण होते हैं स्किन मे खुजली होना, दरारें होना आदि। आप इस स्थिति को अपनी लाइफस्टाइल मे थोड़े बहुत बदलाव करके ठीक कर सकते हैं। सबसे पहले एक अच्छे मॉइश्चराइजर का प्रयोग करें। गर्म पानी में नहाएं। कठोर साबुनों की बजाए मॉइश्चराइजिंग साबुनों का प्रयोग करें। सोने से पहले मॉइश्चराइजर का प्रयोग करें।