किडनी खराब होने पर दिखने वाले वे 5 संकेत, जो किसी को भी इग्नोर नहीं करना चाहिए

अगर आपकी किडनी खराब हो गई है, तो स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ समस्याएं हो सकती हैं, जिनके कारण आपका स्वास्थ्य खराब होने लगता है। इस लेख में किडनी विशेषज्ञ ने बताया कि किन लक्षणों को नहीं इग्नोर नहीं करना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : May 14, 2026 6:51 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Shiv Chadha

किडनी हमारे लिए कितना जरूरी अंग है, हम इसी बात से हिसाब लगा सकते हैं कि यह जो खून को साफ करने, शरीर से गंदगी और अतिरिक्त पानी बाहर निकालने का काम करती है। लेकिन आजकल हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, गलत खानपान, कम पानी पीना और अनहेल्दी लाइफस्टाइल की वजह से किडनी से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि शुरुआत में किडनी की बीमारी के लक्षण बहुत हल्के होते हैं, जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। अगर समय रहते संकेतों को पहचान लिया जाए तो गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। डॉ. शिव चड्ढा, कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजी, श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट दिल्ली, ने किडनी से जुड़ी ऐसी ही समस्याओं और संकेतों के बारे में बताया जिन्हें अक्सर इग्नोर कर दिया जाता है और इसके कारण स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है।

सांस फूलना या सांस लेने में दिक्कत

अगर किडनी ठीक से काम नहीं कर पाती है, तो उसके कारण शरीर में अतिरिक्त तरल जमा हो सकता है, जिसका असर फेफड़ों पर भी पड़ता है। इससे सांस फूलने या सांस लेने में परेशानी की शिकायत हो सकती है। इसके अलावा शरीर में ऑक्सीजन की कमी और एनीमिया की वजह से भी व्यक्ति को जल्दी थकान और सांस चढ़ने की समस्या हो सकती है।

पेशाब में बदलाव

किडनी की समस्या होने पर पेशाब से जुड़े कई बदलाव दिखाई दे सकते हैं जैसे बार-बार पेशाब आना, बहुत कम पेशाब होना, पेशाब में झाग आना, जलन महसूस होना या पेशाब का रंग गहरा होना। इतना ही नहीं कई बार पेशाब में खून भी आ सकता है, जो किडनी से जुड़ी गंभीर समस्या का संकेत देता है। रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना भी किडनी की खराबी का संकेत हो सकता है। ऐसे में लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करानी चाहिए।

लगातार थकान व कमजोरी

अगर पर्याप्त आराम करने के बाद भी शरीर में कमजोरी और थकान बनी रहती है, तो इसका कारण किडनी की बीमारी हो सकती है। किडनी खराब होने पर शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं और खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या भी हो सकती है। इससे व्यक्ति हर समय थका हुआ महसूस करता है और रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी होने लगती है।

शरीर में सूजन आना

अगर बिना किसी कारण चेहरे, पैरों, टखनों या हाथों में सूजन दिखाई देने लगे तो यह किडनी खराब होने का शुरुआती संकेत हो सकता है। जब किडनी ठीक से काम नहीं करती, तो शरीर में अतिरिक्त पानी और नमक जमा होने लगता है। इससे शरीर में सूजन बढ़ जाती है। खासतौर पर सुबह उठने पर आंखों के आसपास सूजन दिखना एक महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है।

भूख कम लगना व उल्टी जैसा होने लगना

किडनी ठीक से काम न करने पर शरीर में गंदगी जमा होने लगती है, जिसका असर पाचन तंत्र पर भी पड़ता है। इसके कारण भूख कम लगना, मुंह का स्वाद खराब होना, मतली या उल्टी जैसा महसूस होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई लोगों का अचानक वजन भी कम होने लगता है। अगर इस तरह के किडनी खराब होने के लक्षण लंबे समय तक बने रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

किन लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत?

डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, धूम्रपान, ज्यादा नमक खाना और परिवार में किडनी रोग का इतिहास रखने वाले लोगों में किडनी खराब होने का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे लोगों को समय-समय पर ब्लड और यूरिन टेस्ट जरूर कराते रहना चाहिए। इसके लिए आप भरपूर पानी पिएं, ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड से बचें, ब्लड प्रेशर और शुगर को कंट्रोल में रखें, नियमित एक्सरसाइज करें और बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द की दवाओं का ज्यादा इस्तेमाल न करें।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल किडनी समस्याओं से जुड़ी सही जानकारी देना है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

FAQs

किडनी खराब कब होती है?

किडनी मुख्य रूप से अनियंत्रित डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और पेन किलर की दवाइयों के ज्यादा सेवन के कारण खराब होती है।

किडनी खराब होने पर क्या खाएं?

किडनी खराब होने पर आपको लो पोटैशियम और फॉस्फोरस वाले फूड्स का सेवन करना चाहिए।

किडनी डैमेज के लक्षण क्या हैं?

किडनी डैमेज की स्थिति में शरीर में सूजन, थकान, पेशाब में झाग आने और स्किन से जुड़ी कुछ समस्याएं हो सकती हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source