सर्दी में तला-भुना खाने से सूज गया लिवर? इन 5 टिप्स से वापस पाएं लिवर का वही शेप

सर्दी के दिनों में ऐसा आम होता है इसलिए जरूरी है कि ऐसे काम किए जाएं, जिसकी मदद से आपको लिवर को नार्मल शेप में रखने में मदद मिले।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : January 20, 2023 9:56 AM IST

लिवर हमारे शरीर का एक ऐसा अंग है, जिसमें जब तक ज्यादा परेशानी नहीं आती है तब तक आपका काम चलता रहता है। लिवर से जुड़ी कई समस्याएं हैं, जिसमें गंभीर मामलों में लिवर पर सूजन शामिल है। जरूरी नहीं है कि शराब पीने से ही लिवर पर सूजन आती है बल्कि बिना शराब पिएं भी ऐसा हो सकता है, जिसकी वजह से सिरसोसिस भी हो सकता है। दरअसल होता क्या है कि जब आपके लिवर पर विषाक्त पदार्थ जमा हो जाते हैं तो आपका लिवर खाना नहीं पचा पाता है और जब लिवर सही तरीके से काम नहीं करता है तो दवा भी आपका पीछा नहीं छोड़ती है। सर्दी के दिनों में ऐसा आम होता है इसलिए जरूरी है कि ऐसे काम किए जाएं, जिसकी मदद से आपको लिवर को नार्मल शेप में रखने में मदद मिले। आइए जानते हैं ऐसे 5 टिप्स के बारे में, जो आपके लिवर को सर्दी के दिनों में नार्मल शेप में रखने में मदद करेंगे।

लिवर को नार्मल शेप में रखने के लिए टिप्स

1-कम पिएं शराब

लिवर को खराब करने का काम करती है शराब और बहुत से लोग रोजाना शराब पीना पसंद करते हैं, जिसकी वजह से फैटी लिवर की परेशानी होती है। इस बात को जानना जरूरी है कि शराब का लिवर पर प्रभाव पुरुषों की तुलना में महिलाओं पर ज्यादा पड़ता है। इसलिए जितना हो सके उतनी कम शराब पिएं नहीं तो आपका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है।

2-अच्छा खाएं

इम्यून सिस्टम को बूस्ट करने के साथ-साथ आपके लिवर को हेल्दी रखने का काम करता है अच्छा खान-पान। सर्दी के दिनों में अनहेल्दी फूड्स का सेवन बढ़ जाता है इसलिए जरूरी है कि आप कुछ ऐसी चीजों का सेवन करें, जो हेल्दी हों। कच्ची सब्जियां और फल आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं क्योंकि इनमें मौजूद विटामिन सी बहुत जल्दी घुल जाता है, जो आपको फायदा पहुंचाने में मदद करता है।

3-अनहेल्दी फूड्स न खाएं

आपको सर्दी के दिनों में शुगर से भरे फूड्स का सेवन करने से बचने की जरूरत है। दरअसल शुगर हमारी आंत में मौजूद सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचाता और खराब बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करता है, जिसकी वजह से खाना सही तरीके से नहीं पचता है और आप परेशानी का शिकार होना शुरू हो जाते हैं। इसलिए ऐसे फूड्स के सेवन से बचें, जिनमें शुगर की मात्रा बहुत ज्यादा हो।

4-खुद से दवा न लें

सिर दर्द, बुखार, सर्दी में दवा लेना जरूरी होता है लेकिन हमेशा खुद से दवा लेने से बचें और डॉक्टर की सलाह के बाद ही किसी भी दवा का सेवन करें। बुखार, खांसी, सिरदर्द जैसी सामान्य स्थितियों में हम खुद से दवा ले लेते हैं, जो हमारे लिए कभी-कभार हानिकारक भी साबित हो सकता है। ये दवा लिवर को नुकसान पहुंचाने का काम करती हैं।

5-विटामिन डी की कमी

शरीर में मौजूद पोषक तत्वों की कमी आपके लिए हानिकारक हो सकती है, इसलिए इस बात का ध्यान रखें कि शरीर में जरूरी विटामिन्स की कमी न हो। विटामिन डी भी इसमें से एक विटामिन है, जो हमारे लिवर के स्वास्थ्य  को प्रभावित करने का काम करता है। आप सर्दी के दिनों में विटामिन डी सप्लीमेंट का सेवन भी कर सकते हैं।