ज्यादा मीठा खाने से भी आ सकता है हार्ट अटैक! अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के इन 5 टिप्स से बदलें जुबां की मिठास
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन ने हाल ही में ऐसे 5 टिप्स सुझाए हैं, जिसकी मदद से आपको अपने शुगर इनटेक को कंट्रोल करने में आसानी होगी साथ ही हार्ट अटैक के खतरे को भी कम करने में मदद मिलेगी।
क्या आप मीठा खाने के शौकीन हैं? अगर हां, तो आपको बता दें कि आपकी पसंदीदा मिठाई हार्ट अटैक का कारण बन सकती है। भले ही मीठा खाकर आपका चित्त प्रसन्न हो जाता हो लेकिन एक वक्त पर ये आपके लिए जहर का काम करती है। अगर आप भी चाय में ऊपर से मीठा डालकर या फिर दही में दो चम्मच चीनी डालकर अपनी शुगर क्रेविंग को शांत करते हैं तो आप अपने स्वास्थ्य को काफी हद तक नुकसान पहुंचा रहे हैं। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन ने हाल ही में ऐसे 5 टिप्स सुझाए हैं, जिसकी मदद से आपको अपने शुगर इनटेक को कंट्रोल करने में आसानी होगी साथ ही हार्ट अटैक के खतरे को भी कम करने में मदद मिलेगी। आइए जानते हैं कौन से हैं ये टिप्स।
1-ऊपर से शुगर न डालें
आपको अपनी चाय, कॉफी या फिर नाश्ते में खाए जाने वाले फूड्स के ऊपर किसी भी प्रकार की चीनी, ब्राउन शुगर, शहद या फिर सिरप भूलकर भी नहीं डालना चाहिए। इसके साथ ही आपको धीरे-धीरे अपने खाने से शुगर की मात्रा को कम करना शुरू कर देना चाहिए। इसके अलावा आप मिठाईयों की जगह फल और ड्राई फ्रूट्स का सेवन करना शुरू कर दें।
2-पानी पिएं सोड़ा नहीं
आपको जब भी प्यास लगे तो सॉफ्ट ड्रिंक या फिर एनर्जी ड्रिंक के बजाए पानी ही पिएं। प्यास लगने पर पानी से बेहतर कुछ नहीं होता। अगर आपको फलों का रस पीने का मन कर रहा है तो आप पैकेज्ड फ्रूट जूस के बजाए ताजे फल खाएं या फिर नारियल पानी पिएं।
3-लेबल चेक करें
आपको हमेशा बाजार से खरीदते वक्त ऐसे फूड्स का चयन करने की जरूरत है, जिसमें एडड शुगर की मात्रा सबसे कम हो। इसलिए जब भी कभी बाहर से कोई खाने की चीज खरीदें तो उसके लेबल पर चेक करें कि उसमें कौन-कौन से इंग्रीडियंट्स मौजूद हैं।
4-हेल्दी ऑप्शन चुनें
अपने पसंद की चीजों में चीनी को मिलाने से अच्छा है कि आप उसमें बादाम, वैनिला, संतरे या फिर नींबू का फ्लेवर डालने की कोशिश करें। आप चाहें तो दालचीनी, जायफल जैसे मसालों का प्रयोग कर सकते हैं, जो कि स्वाद के साथ-साथ खाने की रंगत को बेहतर बनाते हैं।
5-स्वीटनर न डालें
अगर आपने चीनी की जगह स्टीवियाया फिर दूसरे स्वीटनर को हेल्दी मानकर यूज करना शुरू कर दिया है तो आपको बता दें कि आपने बहुत बड़ी गलती की है। आप भले ही अपनी क्रेविंग को शांत करने के लिए इन चीजों का इस्तेमाल जरूर करें लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल बिल्कुल भी न करें।