
Also Read
अचानक से घुटनों, हाथ-पैरों की अंगुलियों या फिर पंजों में दर्द महसूस होने लगे तो आपको सावधान होने की जरूरत है। हो सकता है कि आपके शरीर में यूरिक एसिड का लेवल बढ़ गया हो। दरअसल, एक उम्र के बाद अधिकांश पुरुषों में यूरिक एसिड बढ़ने की समस्या (High Uric Acid Symptoms In Men) होने लगती है। जब शरीर खाद्य पदार्थों से मिलने वाले प्यूरीन को तोड़ता है तो यूरिक एसिड बनता है। प्यूरीन से भरपूर फूड ज्यादा खाने से किडनी इसे पूरी तरह से फिल्टर नहीं कर पाती और यूरिक एसिड के क्रिस्टल्स शरीर में, खासतौर पर ज्वाइंट्स में जमने लगते हैं। इनमें बेहद दर्द होता है। समय पर इस समस्या पर ध्यान नहीं देने से गठिया, किडनी स्टोन और हार्ट संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं।
शुगरी ड्रिंक्स, प्रोसेस्ड फूड्स, जरूरत से ज्यादा कॉफी या चाय पीना, अल्कोहल आदि से यूरिक एसिड हाई होता है। इसी के साथ प्यूरीन से भरपूर फूड्स खाने से भी यूरिक एसिड बढ़ता है। रेड मीट, सीफूड, मटर, दूध, दही, चीज आदि के ज्यादा सेवन से भी यूरिक एसिड बढ़ता है। यूरिक एसिड हाई होने पर शरीर में इसके कई लक्षण नजर आने लगते हैं।
अगर आपके पैरों में रेडनेस के साथ बहुत ज्यादा सूजन है तो ये हाई यूरिक एसिड का लक्षण हो सकता है। खासतौर पर अगर रात के समय पैरों में सूजन है तो आप डॉक्टर से जरूर संपर्क करें। इसके कारण कई बार चलने तक में समस्या आने लगती है।
हाई यूरिक एसिड होने का सबसे पहला असर आपको ज्वाइंट्स पर ही नजर आता है। क्योंकि यूरिक एसिड के क्रिस्टल ज्वाइंट्स पर एकत्रित होते हैं, जिससे दर्द के साथ गांठें होने लगती हैं। कई बार तो हाथ-पैरों में इतना दर्द बढ़ जाता है कि पीड़ित शख्स कुछ पकड़ भी नहीं पाता।
हाई यूरिक एसिड की स्थिति में पैरों व अंगुलियों में चुभन और सुन्नता की स्थिति महसूस होती है। कई बार तो ये चुभन इतनी ज्यादा होती है कि रोजमर्रा के कामों तक में परेशानी होने लगती है। इस स्थिति को आप भूलकर भी नजरअंदाज नहीं करें।
यूरिक एसिड के कारण कई बार स्किन में बदलाव नजर आने लगते हैं। आमतौर पर स्किन पर रेडनेस आने लगती है, खुजली होने लगती है। कई बार गांठें होने लगती हैं। ये चेंज खासतौर पर पैरों और अंगुलियों में नजर आते हैं।
कई बार यूरिक एसिड का लेवल बढ़ने से रात में बहुत ज्यादा थकान और बेचैनी महसूस होने लगती है। कई बार ऐसा ज्वाइंट पेन, सुन्नता और झुनझुनी के कारण होता है। ऐसे में दिनभर आपको थकान और कमजोरी महसूस होती है।