शरीर को अंदर से खोखला बना देती हैं रोजमर्रा की ये 5 गलत आदतें, आज ही छोड़ दें

Bad Habits For Health: अगर आप लंबे समय तक फिट और हेल्दी रहना चाहते हैं, तो अपनी ये 5 गलत आदतें आज ही सुधार लें।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : August 20, 2023 2:52 PM IST

Bad Habits For Health: आजकल की आधुनिक जीवनशैली में हमारे खाने-पीने से लेकर उठने-बैठने तक का तरीका बदल चुका है। गलत खानपान और फिटनेस पर ध्यान न देने की वजह से कम उम्र में ही लोग गंभीर बीमारियों के गिरफ्त में आ रहे हैं। मोटापा, थायराइड, हाई कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज जैसी समस्याएं आजकल आम हो गई हैं। क्या आप जानते हैं कि इन सभी बीमारियों के पीछे हमारी रोजमर्रा की कुछ गलत आदतें जिम्मेदार हो सकती हैं। अगर आप लंबे समय तक स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो आपको इन आदतों को तुरंत छोड़ देना चाहिए। आइए, जानते हैं ऐसी 5 बुरी आदतों के बारे में, जो आपके शरीर को नुकसान पहुंचा सकती हैं –

ज्यादा जंक फूड खाना

आजकल कि बिजी लाइफस्टाइल के कारण अधिकतर लोग पैकेटबंद और जंक फूड का ज्यादा सेवन करने लगे हैं। अगर आप अपने बच्चों को टिफिन में पैकेट बंद फूड या जूस देते हैं, तो ऐसा करना आज ही बंद कर दें। दरअसल, इन चीजों के कारण शरीर में शुगर, ट्रांस फैट और सोडियम की मात्रा काफी अधिक बढ़ सकती है। ज्यादा जंक फूड का सेवन करने से मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और दिल के रोगों का जोखिम बढ़ सकता है।

देर रात तक जागना

आज के समय में ज्यादातर लोग देर रात तक मोबाइल इस्तेमाल करते हैं या टीवी पर कोई सीरीज-फिल्म देखकर सोना पसंद करते हैं। लेकिन इससे आपकी नींद प्रभावित हो सकती है। अगर आप रोजाना 8 से 9 घंटे की नींद नहीं लेते हैं, तो इससे कई गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है। लंबे समय तक पर्याप्त नींद लेने के कारण हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

फिजिकल एक्टिविटी की कमी

वर्तमान समय में लोग आउटडोर गेम्स के बजाय मोबाइल या लैपटॉप पर गेम खेलना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप असक्रिय जीवनशैली व्यतीत करते हैं, तो इससे आप कई गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण मोटापा, डायबिटीज, स्ट्रोक और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

जरूरत से ज्यादा तनाव लेना

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों में चिंता और तनाव का स्तर बढ़ता जा रहा है। लेकिन ज्यादा तनाव के कारण आप कई तरह की शारीरिक और मानसिक समस्याओं के शिकार हो सकते हैं। इसकी वजह से आप एंग्जायटी और डिप्रेशन जैसी समस्याओं की चपेट में आ सकते हैं। इसलिए बहुत ज्यादा तनाव लेने से बचें और खुश रहने की कोशिश करें।

पौष्टिक आहार न लेना

लंबे समय तक हेल्दी और फिट रहने के लिए स्वस्थ खानपान बहुत जरूरी है। अगर आप अपनी डाइट में हरी सब्जियों, दाल और साबुत अनाज को शामिल नहीं करते हैं, तो इससे शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाएगा। इसकी वजह से शरीर में कई तरह की दिक्कतें पैदा हो सकती हैं। इनसे बचने के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source