hamburger icon
A
Read in English

सुबह होने वाले ये 4 लक्षण बताते हैं आपके यूरिन में बढ़ रहा है इन्फेक्शन, इग्नोर किया तो खराब हो सकती है किडनी

Urinary tract infection: सुबह के समय पेशाब से जुड़ा किसी भी प्रकार के लक्षण को इग्नोर नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह यूरिन इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है। चलिए जानते हैं सुबह किन लक्षणों को इग्नोर नहीं करना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : February 17, 2023 12:35 PM IST

Early symptoms of urine infection: शरीर के अंदरूनी अंगों का ठीक से काम करना बहुत जरूरी है। हम सभी जानते हैं कि हार्ट, लिवर, किडनी और फेफड़े जैसे अंगों को हेल्दी रखना बहुत जरूरी है और इसलिए हमें इनका खासतौर पर ध्यान रखना चाहिए। लेकिन इनके अलावा भी कई ऐसे अंग हैं, जिनका खास ध्यान रखना जरूरी होता है और अक्सर हम उनकी हेल्थ को इतना सीरियस नहीं लेते हैं। यूरिनरी सिस्टम भी हमारे शरीर की सबसे महत्वपूर्ण प्रणालियों में से एक हैं। देखा गया है कि अक्सर सफाई और नियमित जांच न रख पाने के कारण अक्सर यूरिन इन्फेक्शन हो जाता है और इस कारण से कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं यदि समय रहते यूरिन इन्फेक्शन का ध्यान न रखा जाए तो यह संक्रमण किडनी तक भी फैल सकता है। दरअसल, सुबह के समय कुछ ऐसे लक्षण महसूस हो सकते हैं, जो यूरिन इन्फेक्शन का संकेत देते है और इन्हें भूलकर भी इग्नोर नहीं करना चाहिए। चलिए जानते हैं ऐसे लक्षणों के बारे में -

1. पेशाब में दर्द (Pain in urine infection)

सुबह उठते ही पेशाब का प्रेशर बनना शरीर की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। लेकिन पेशाब करते समय दर्द होना एक असामान्य संकेत हो सकता है, जो आमतौर पर यूरिन इन्फेक्शन की ओर इशारा करता है। दरअसल, जब मूत्रमार्ग (यूरेथ्रा) के अंदरूनी हिस्से में सूजन और लालिमा बढ़ जाती है, तो पेशाब करते समय दर्द व चुभन महसूस होती है। इसलिए इस लक्षण को इग्नोर नहीं करना चाहिए।

2. तेज खुजली (Itching in urine infection)

जननांगों में तेज खुजली होना एक गंभीर संकेत हो सकता है, जो कई बार यूरिन इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है। कई बार खुजली यूरेथ्रा के अंदरूनी हिस्से में भी होने लगती है, जो अक्सर काफी परेशान कर देना वाली स्थिति बन जाती है। यदि यूरेथ्रा के अंदर संक्रमण होने के कारण सूजन और लालिमा बढ़ जाती है, जिस कारण से तेज खुजली होने लगती है।

3. पेशाब में बदलाव (Change in urine in urine infection)

पेशाब में किसी प्रकार का बदलाव महसूस होना भी यूरिन इन्फेक्शन का एक लक्षण हो सकता है। यदि आपके पेशाब का रंग बदल गया है, ज्यादा झाग बन रही है, अजीब बदबू आ रही है या फिर पेशाब में खून आ रहा है, तो यह गंभीर इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है। सुबह पेशाब करते समय अपने पेशाब को अच्छे से नोटिस करें और पता करें कि कहीं इसमें किसी प्रकार का बदलाव तो नहीं।

4. दबाव रहना (Pressure in urine infection)

पेशाब का प्रेशर होना सामान्य है, लेकिन पेशाब करने के बाद भी प्रेशर बना रहना किसी बीमारी का संकेत हो सकता है। यदि संक्रमण आपके ब्लैडर या यूरेथ्रा में फैल गया है, तो बार-बार पेशाब का प्रेशर महसूस होता है और जब आप टॉयलेट जाते हैं तो पेशाब नहीं आता है या बहुत ही कम आता है। यदि आपको भी सुबह पेशाब करने के बाद भी प्रेशर महसूस होता है, तो आपको इस लक्षण को इग्नोर नहीं करना चाहिए।

डॉक्टर से संपर्क जरूरी

यदि आपको पेशाब से जुड़ा किसी भी प्रकार का लक्षण महसूस हो रहा है, तो डॉक्टर से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि यूरिन इन्फेक्शन का इलाज जल्द से जल्द करना जरूरी होता है और समय रहते इलाज न करने पर यह किडनी तक फैल सकता है। किडनी में संक्रमण होना गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है, इसलिए यूरिन इन्फेक्शन के किसी भी लक्षण को इग्नोर नहीं करना चाहिए।