बिहार के नवादा जिले में एनीमिया के बाद टाइफॉएड होने से 4 की मौत, जानें क्या है टाइफाइड और इसके लक्षण
बिहार के जिला नवादा में एनीमिया और टाइफाइड के कारण 3 नाबालिगों सहित चार लोगों की मौत हो गई है। जानें, क्या है टाइफाइड के लक्षण...
Symptoms of Typhoid in Hindi: देश में कोरोना का कहर (Corona pandemic) थम नहीं रहा कि कुछ राज्यों में दूसरी समस्याएं शुरू हो जा रही हैं। बिहार (Bihar) की बात करें, तो यहां जिला नवादा (Nawada, Bihar) में एनीमिया (Anemia) और टाइफाइड के कारण 3 (Typhoid in Bihar in Hindi) नाबालिगों सहित चार लोगों की मौत हो गई। ये सभी एनीमिया से पीड़ित होने के साथ ही, इनमें टाइफाइड के लक्षण (Symptoms of Typhoid) भी नजर आ रहे थे। पिछले एक हफ्ते में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक ही जिले में तीन बच्चों की मौत हो चुकी है।
मृतकों की पहचान रिंकी कुमारी, करिश्मा कुमारी, लाडो कुमारी और उनकी मौसी सोनम देवी के रूप में हुई है। ये सभी बारातंडी गांव के रहने वाले थे। रिम्स पावापुरी में विभा कुमारी नाम की एक और नाबालिग लड़की जिंदगी की जंग लड़ रही है। नवादा के जिला मजिस्ट्रेट यशपाल मीणा ने कहा, "जैसे ही हमें घटना की जानकारी मिली, गांव में एक मेडिकल टीम भेजी गई। मैंने भी घटनास्थल का दौरा किया और मेडिकल टीम को हर ग्रामीण को कोरोना वैक्सीन देने का निर्देश दिया।"
मरीज एनीमिया से थे पीड़ित
मेडिकल टीम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक चिकित्सा रिपोर्ट से पता चला है कि मरीज एनीमिया से पीड़ित थे। उनका हीमोग्लोबिन कम था और इसके परिणामस्वरूप उन्हेंटाइफाइड हो गया था। पीड़ितों को सदर अस्पताल नवादा में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। पीड़ितों के परिवार के सदस्यों ने इलाज के लिए वहां जाने से इनकार कर दिया था।
क्या है टाइफाइड और इसके लक्षण (Symptoms of Typhoid in Hindi)
टाइफाइड होने पर इंन्टेस्टाइनल ट्रैक्ट, ब्लड सर्कुलेशन में बैक्टीरियल इंफेक्शन हो जाता है। यह साल्मोनेला टाइफी नामक बैक्टीरिया के कारण होता है। यह बैक्टीरिया दूषित भोजन करने, दूषित पानी पीने से शरीर में प्रवेश करता है और आंतों से होकर रक्तप्रवाह में फैल जाता है। यह बैक्टीरिया शरीर के कई अंगों में खून के जरिए पहुंच जाता है। टाइफाइड के लक्षण बैक्टीरिया के संपर्क में आने के बाद लगभग 1 से लेकर 3 सप्ताह में नजर आते हैं। टाइफाइड होने पर निम्न लक्षण (Symptoms of Typhoid) नजर आ सकते हैं-
- तेज बुखार हो सकता है।
- डायरिया, जी मिचलाना और उल्टी की समस्या होती है।
- लगातार सिर दर्द रहना।
- खाना खाने का मन ना करना।
- लिवर और स्प्लीन का बढ़ना।
- थकान महसूस करना।
- कंपकपी और ठंड लगना।
- शारीरिक दर्द और कमजोरी महसूस करना।
- पेट में दर्द हो सकता है।