अस्थमा के मरीज सर्दियों में बाहर रनिंग पर जाने से पहले इन 3 बातों का रखें विशेष ध्यान, सांस लेने में नहीं होगी परेशानी

एक शोध में ये पाया गया है कि अगर अस्थमा से पीड़ित लोग हल्का और नियमित रूप से एक्सरसाइज करते हैं जैसे रनिंग तो ऐसा करने से उनके फेफड़ों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अस्थमा से पीड़ित लोगों को रनिंग करने से पहले इन तीन बातों पर जरूर विचार करना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : November 8, 2020 4:06 PM IST

अस्थमा का नाम सुनकर लोगों के मन में सांस लेने में दिक्कत का ख्याल आता है लेकिन क्या आप जानते हैं अस्थमा से जुड़े कुछ आंकड़े आपको चौंका सकते हैं। ग्लोबल अस्थमा रिपोर्ट 2018 के मुताबिक, भारत में 1.31 करोड़ लोग अस्थमा से पीड़ित हैं, जिसमें से 6 प्रतिशत बच्चे और 2 प्रतिशत वयस्क भी शामिल हैं। बता दें कि अस्थमा से पीड़ित लोग अपनी बीमारी की गंभीरता के आधार पर रनिंग, जॉगिंग जैसे अलग-अलग खेलों और शारीरिक गतिविधियों से खुद को दूर रखना पसंद करते हैं क्योंकि इन खेलों के दौरान उन्हें सांस उखड़ने की समस्या का सामना भी करना पड़ सकता है।

हालांकि हाल ही में हुए एक शोध में ये पाया गया है कि अगर अस्थमा से पीड़ित लोग हल्का और नियमित रूप से एक्सरसाइज करते हैं जैसे रनिंग तो ऐसा करने से उनके फेफड़ों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अस्थमा से पीड़ित लोगों को रनिंग करने से पहले इन तीन बातों पर जरूर विचार करना चाहिए। अगर आप भी अस्थमा से पीड़ित हैं और रनिंग करने का विचार बना रहे हैं तो इन 3 बातों को जानना आपके लिए बेहद जरूरी है। तो आइए जानते हैं कौन सी हैं ये बातें।

अपने डॉक्टर से जरूर करें सलाह

अपने डॉक्टर से बात करें और उनकी लिखी दवा को स्किप न करें। दौड़ने से पहले आपको अपनी सांस पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता है। अगर आपका अस्थमा कंट्रोल है तो सब ठीक है लेकिन अनियंत्रित अस्थमा आपके फेफड़ों और श्वसन प्रणाली पर तनाव डाल सकता है। रनिंग से फेफड़ों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकरात्मक प्रभाव को प्राप्त करने के लिए आपको सबसे पहले अपने लक्षणों की जांच करवानी होगी। अगर आपको अभी-अभी अस्थमा का पता चला है तो आपको किसी भी प्रकार की एक्सरसाइज करने से पहले थोड़ा समय लेना होगा और एक्सरसाइज को और बेहतर बनाने का प्रयास करना होगा।

लक्षणों को बिगाड़ने वाली चीजों को पहचानें

आपको उन चीजों के बारे में पता होना बेहद जरूरी है, जो आपके लक्षणों को और बढ़ा सकते हैं और आप किस तरह उनसे बच सकते हैं। अगर आपको प्रदूषण और मिट्टी जैसी चीजों से एलर्जी है तो आपको साफ आसमान और नमी वाले वातावरण में रनिंग करने का प्लान बनाना चाहिए। रनिंग से पहले एक लंबा वार्मअप आपके शरीर को थोड़ा सहज बना देगा अंत में आपके शरीर को ठंडा करने में मदद करेगा।

अगर आप नहीं दौड़ पा रहे तो पैदल चलें

अगर आपके लिए दौड़ना मुश्किल हो रहा है, तो आपके वॉक करने का प्लान बनाएं। चेतावनी भरे संकेतों को जानें और उस पल चलना शुरू करें जब आपको महसूस हो कि आपको सांस लेने में दिक्कत हो रही है। आप चाहें तो बस टहल सकते हैं या फिर दौड़ते-दौड़ते भी चल सकते हैं।

इन सबके बीच ध्यान रखने वाली बात ये है कि जब भी आप दौड़ने के लिए बाहर जाएं तो अपना इनहेलर साथ ले जाना न भूलें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source