
Also Read
स्माइल डिजाइनिंग सर्जरी काफी समय से ट्रेंड में है और आजकल लोग अपनी स्माइल में सुधार करने के लिए अपने टेढ़े-मेढ़े दांतों को सर्जरी की मदद से सही कराते हैं। लेकिन इसी सर्जरी से जुड़ी एक खबर सामने आई है। हैदराबाद के जुबली हिल्स के एक डेंटल क्लीनिक में 28 वर्षीय युवक लक्ष्मी नारायण विंजाम की स्माइल डिजाइनिंग सर्जरी के दौरान मौत हो गई। खबरों के अनुसार उसकी मौत का कारण एनेस्थीसिया (सुन्न व बेहोश करने की दवा) बताया जा रहा है। आजकल काफी लोग स्माइल सर्जरी कराते हैं, लेकिन इस घटना के बाद हर किसी को यह सर्जरी कराने से पहले इसके फायदे और नुकसान आदि पर विचार कर लेना चाहिए। स्माइल डिजाइनिंग सर्जरी के बारे में हर किसी को उचित जानकारी होना जरूरी है और इस लेख में हम आपको इसी सर्जिकल प्रोसीजर से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां देने वाले हैं, जिनके बारे में आपको भी जरूर जान लेना चाहिए।
स्माइल डिजाइनिंग सर्जरी एक डेंटल सर्जरी प्रोसीजर ही है, क्योंकि इसमें ज्यादातर दांतों की असामान्यताओं को ही ठीक किया जाता है। लेकिन इसके अलावा भी मुस्कान को अच्छा बनाने के सर्जरी के दौरान चेहरे में कुछ अन्य हिस्सों जैसे गाल व होंठ आदि में भी कुछ थोड़े-बहुत बदलाव किए जा सकते हैं। टेढ़े-मेढ़े दांतों को एक सीध में करने के साथ-साथ दांतों की कुरूपता दूर करने और पीलापन व अन्य दाग धब्बों को दूर करना आदि भी स्माइल डिजाइनिंग प्रोसीजर में ही आता है।
जैसा कि हमने आपको ऊपर भी बताया है स्माइल डिजाइनिंग सर्जरी की प्रोसीजर प्रमुख रूप से दांतों की ही होती है। यह सर्जरी ओरल व मैक्सिलोफेशियल सर्जन के द्वारा की जाती है। जिसमें डेंटल ब्रेसिंग के साथ-साथ कई बार मुंह के अन्य हिस्सों व जबड़े आदि में भी बदलाव किए जा सकते हैं। इस सर्जरी के दौरान आधुनिक उपकरणों व मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है। जैसा कि यह एक सर्जरी प्रोसीजर है, इसलिए इसमें लोकल व जनरल एनेस्थीसिया का इस्तेमाल भी किया जाता है।
स्माइल डिजाइनिंग सर्जरी के फायदे और नुकसान अलग-अलग स्थितियों पर निर्भर करते हैं। इसकी मदद से मरीज की मुस्कान को अच्छा व सुंदर बनाया जा सकता है, जिससे उसके अंदर का आत्मविश्वास बढ़ता है, जिससे उसे अपने जीवन में सफलताओं को पाने में मदद मिलती है। वहीं इस सर्जिकल प्रोसीजर से होने वाले नुकसान भी अलग-अलग हो सकते हैं। जैसा कि स्माइल डिजाइनिंग सर्जरी में लोकल व जनरल एनेस्थीसिया का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे स्वास्थ्य पर कुछ प्रभाव देखे जा सकते हैं। डेंटल स्माइलिंग सर्जरी के मसूड़ों के रोग होने का खतरा भी रहता है।
वैसे तो स्माइल डिजाइनिंग सर्जरी को पूरी तरह से सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इससे स्वास्थ्य पर होने वाला असर कई बार हमारे स्वास्थ्य पर भी निर्भर करता है। स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ प्रकार की क्रोनिक व एक्यूट हेल्थ कंडीशन भी हो सकती हैं, जिसके कारण इस सर्जरी का व्यक्ति के शरीर पर ज्यादा विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।