
... Read More
Written By: Anshumala | Updated : September 8, 2021 8:01 AM IST
बंगाल में डायरिया के प्रकोप से 2 की मौत, 78 लोगों में दिखे डायरिया के शुरुआती और गंभीर लक्षण
Diarrhea Signs and Symptoms in Hindi: देश के कई राज्यों में जहां अभी कोरोना (Coronavirus) का कहर जारी है, तो वहीं यूपी, बिहार में वायरल फीवर (Viral Fever), डेंगू (Dengue) से लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। वायरल फीवर से तो कई बच्चों की मौत भी हो गई है। अब पश्चिम बंगाल से खबर ये आ रही है कि वहां के एक जिला में लोगों की मौत डायरिया के कारण हो रही है। खबर है पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कमरहाटी नगरपालिका क्षेत्र में की जहां मंगलवार को दो लोगों की मौत डायरिया के कारण (Diarrhea in West Bengal) हो गई। वहीं, लगभग 78 अन्य लोगों में डायरिया के शुरुआती और गंभीर लक्षणों के नजर आने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 10 लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
जब कमरहाटी में वार्ड नंबर 2 और 5 से कुछ लोगों ने उल्टी और पेट दर्द होने की शिकायत की तो उन्हें स्थानीय डॉक्टर्स के पास ले जाया गया। उसके बाद ही इस बीमारी का प्रकोप सबसे पहले महसूस किया गया। डायरिया के गंभीर लक्षण (Severe Symptoms of Diarrhea) जिन मरीजों में नजर आए हैं, उन्हें सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया है।
हॉस्पिटल के अधिकारियों का कहना है कि कई रोगियों को हॉस्पिटल लाया गया और हालत ऐसी थी कि हॉस्पिटल उन सभी को बेड देने की स्थिति में नहीं था। हॉस्पिटल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने कहा, 'हमने सिर्फ उन्हीं रोगियों को हॉस्पिटल में एडमिट किया, जिनमें डायरिया के गंभीर लक्षण थे, जबकि हल्के लक्षणों को इलाज देकर घर वापस भेज दिया गया। दो लोगों की मौत भी हो गई, जिनके नाम जानकी बीवी (50) और तौफीक अहमद (13) बताई गई है। ये दोनों ही गंभीर निर्जलीकरण से पीड़ित थे।"
कामरहाटी नगर पालिका ने लोगों से पानी को उबालकर पीने का आग्रह किया है। नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "डायरियाके इस बढ़ते प्रकोप को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की जा रही है। लोगों की शारीरिक स्थिति पर नजर रखने के लिए मुफ्त दवाएं दी जा रही हैं। स्थानीय समूहों और गैर सरकारी संगठनों को शामिल किया गया है। इस प्रकोप के फैलने की वजह पानी है। पानी के नमूने भेजे गए हैं, रिपोर्ट आने के बाद हम उचित कदम उठाएंगे।"
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.