
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 19, 2023 6:27 PM IST
साइलेंट हार्ट अटैक, जिसे साइलेंट मायोकार्डियल इन्फार्क्शन भी कहा जाता है, आज के समय की एक गंभीर समस्या हो गई है। गंभीर बात ये है कि इसमें सीने में दर्द या बेचैनी जैसी परेशानी नहीं होती। कई बार इंसान नींद में ही मौत की आगोश में चला जाता है। हालांकि साइलेंट हार्ट अटैक अचानक नहीं आता, इसके आने से पहले कई संकेत नजर आते हैं। आवश्यकता है तो सतर्क और सचेत रहते हुए इन लक्षणों को पहचानने की। चलिए जानते हैं ऐसे 10 लक्षण जिससे आप साइलेंट अटैक आने का पता लगा सकते हैं।
भरपूर आराम के बाद भी अगर आप अत्यधिक थकान महसूस कर रहे हैं तो यह साइलेंट हार्ट अटैक का संकेत हो सकता है। अचानक और बिना कारण आपको कई दिनों या सप्ताह तक थकावट बनी रहती है तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
सामान्य तौर पर दिल के दौरे के दौरान सीने में तेज दर्द होता है। लेकिन साइलेंट हार्ट अटैक में ऐसा नहीं होता। इसमें छाती में रुक-रुक कर जकड़न महसूस होती है या फिर हल्का दर्द महसूस होता है। कई बार लोग इसे मांसपेशियों का दर्द समझ लेते हैं, लेकिन ऐसी गलती करना भारी पड़ सकता है।
अगर बिना गतिविधि या परिश्रम के भी आपकी सांस फूल रही है। आपको जोर लगाकर सांस लेनी पड़ रही है तो इस संकेत पर ध्यान दें। सांस फूलना इस बात का इशारा है कि आपके दिल की सेहत नासाज है।
साइलेंट हार्ट अटैक के प्रमुख लक्षणों में से है उल्टी जैसा मन होना, मतली आना, पेट में दर्द होना या फिर पेट खराब होना। अगर आप लगातार घर का पौष्टिक खाना खा रहे हैं और फिर भी ये लक्षण नजर आ रहे हैं तो ये गंभीर हो सकता है।
यदि आपको बिना किसी श्रम के खासकर ठंडे मौसम में भी अचानक पसीना आने लगे तो ये साइलेंट हार्ट अटैक का संकेत हो सकता है। इस बात पर खास ध्यान दें कि क्या आपको अन्य लक्षणों के साथ पसीना आ रहा है।
कई बार जबड़े, गर्दन, हाथ, पीठ या पेट सहित शरीर के कई हिस्सों में झनझनाहट, हल्का दर्द और बेचैनी महसूस हो तो आपको इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। कई बार आपको इन अंगों में रुक-रुक कर दर्द भी हो सकता है।
बिना किसी शारीरिक श्रम, कमजोरी के भी अगर आपको चक्कर आ रहे हैं, बेहोशी सी महसूस हो रही है तो आपको अपना हार्ट चैकअप करवाने की जरूरत है। अगर आप बार-बार महसूस कर रहे हैं कि आप चक्कर के कारण संभल नहीं पा रहे तो डॉक्टर से संपर्क करें।
नींद के पैटर्न में बदलाव पर आपको हमेशा नजर रखनी चाहिए। अगर आप अनिद्रा के शिकार हैं, रात में कई बार आपकी नींद अचानक खुल रही है, आपको रातभर बेचैनी सी महसूस होती है तो ये साइलेंट अटैक के कारण हो सकते हैं।
कहते हैं चिंता, चिता समान है। अगर आप बिना वजह चिंता, दुख या नेगेटिव सोच से घिर रहे हैं तो साइलेंट हार्ट अटैक आप पर हमला कर सकता है। अगर आप अत्यधिक चिंता के साथ बेचैनी महसूस कर रहे हैं तो एक बार अपना चैकअप जरूर करवाएं।
साइलेंट हार्ट अटैक के कारण बांहों, कंधों या पीठ के साथ शरीर के ऊपरी हिस्से में सामान्य कमजोरी या दर्द महसूस होता है। बिना किसी शारीरिक श्रम के ऐसा दर्द होना खतरनाक हो सकता है।