
... Read More
Written By: Anshumala | Published : June 5, 2018 7:46 PM IST
मेरा नाम पूजा है। मेरी उम्र 26 वर्ष है। मुझे हर महीने पीरियड्स लगभग 5-7 दिन पहले हो जाता है। पूरे शरीर के साथ-साथ पेट में भी तेज दर्द होता है। इस दर्द से राहत पाने के लिए कोई उपाय बताएं?
इस सवाल का जवाब दे रही हैं शांता आईवीएफ सेंटर, दिल्ली की गायनकोलॉजिस्ट एंड आईवीएफ एक्सपर्ट डॉ. अनुभा सिंह।
पीरियड्स के दिनों में शरीर या फिर पेट में दर्द आम बात है। हां, कई बार अनियमित माहवारी (Irregular menstruation) में भी दर्द अधिक होता है। हालांकि, यह समस्या सभी के साथ नहीं होता है। अनियमित पीरियड्स के कई कारण हो सकते हैं जैसे, अचानक वजन का बढ़ना या घटना, बहुत अधिक एक्सरसाइज करना, नशा करना, कुपोषण, अत्यधिक तनाव में रहना, अधिक दवाइयों का प्रयोग या हार्मोन असंतुलन के कारण। यदि इन समस्याओं से आप पीड़ित हैं, तो इसकी जांच जल्द से जल्द कराएं। इसकी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि ऐसा किस कारण से हो रहा है।
पीरियड्स के समय ब्लड प्रेशर चेक कराना भी जरूरी है। कुछ अन्य बातों का भी ध्यान रखें जैसे- डॉक्टर को अपनी हर समस्या के बारे में बताएं। संकोच न करें। उनसे विस्तारपूर्वक सलाह लें। डॉक्टर से खानपान से जुड़ी जानकारी लें। तली, डिब्बाबंद, चिप्स, केक, बिस्कुट और मीठे पेय पदार्थ आदि अधिक न लें।
सही मासिक धर्म के लिए हेल्दी फूड का चयन बहुत जरूरी है। सीमा में ही खाएं। पौष्टिक भोजन का ही सेवन करने का प्रयास करें। अनाज, मौसमी फल और सब्जियां, पिस्ता-बादाम, कम वसा वाले दूध से बने आहार भी अपनी रोज की खुराक में शामिल करें। दिन की शुरुआत हमेशा 2-3 गिलास पानी पीकर करें। पूरे दिन में 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं। पानी पीने से शरीर के टॉक्सिंस निकल जाते हैं, जिससे आप फिट रह सकती हैं। इसके साथ-साथ किसी स्त्री रोग विशेषज्ञ से अपने हार्मोन की जांच अवश्य कराएं।
चित्रस्रोत- Shutterstock Images.