शरीर में इस मिनरल की कमी से होती है हाई बीपी की समस्या, जानिए पोषक तत्व के फूड सोर्स

न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा के मुताबिक जब आपके शरीर में जिंक की कमी होती है तो भी आपका ब्लड प्रेशर लेवल बढ़ सकता है। आइए जानते हैं जिंक से भरपूर कौन से फूड का सेवन करने से आप ब्लड प्रेशर को कंट्रोल कर सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : August 31, 2023 3:01 PM IST

आज के समय में ब्लड प्रेशर बढ़ने जैसी स्वास्थ्य स्थिति बहुत सारे लोगों को देखने को मिलती है। इससे दिल को नुकसान पहुंचता है। उम्र ज्यादा होने के साथ-साथ ब्लड प्रेशर लेवल बढ़ने लगता है इसलिए आपको हमेशा अपना ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रखने की कोशिश करनी चाहिए। अपने लाइफस्टाइल और डाइट को हेल्दी रखने से आप बीपी की समस्या पर काबू पा सकते है। न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए शेयर किया है कि जिंक की कमी के कारण भी ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है इसलिए आपको शरीर में जिंक की कमी पूरी करनी चाहिए। जिंक एक मिनरल (खनिज पदार्थ) होता है जो एंटीऑक्सीडेंट का काम करता है और यह कोलेजन के उत्पादन के लिए भी जरूरी है।

हाई बीपी के लिए जिंक से भरपूर फूड सोर्स - Zinc Rich Food Sources For High BP

नट्स

नट्स में जिंक के साथ-साथ अन्य पौष्टिक तत्व भी होते हैं। पीनट, काजू और बादाम जिंक का एक बहुत अच्छा स्रोत होते हैं। नट्स का सेवन करने से हेल्दी फैट, विटामिन और फाइबर प्राप्त होता है। काजू में सबसे ज्यादा जिंक की मात्रा होती है। इसलिए अगर आपको ज्यादा जिंक की जरूरत है तो काजू को डाइट में शामिल कर लें।

डेयरी उत्पाद

डेयरी के प्रोडक्ट्स भी जिंक का एक बहुत अच्छा स्रोत होते हैं। अगर आप एक शाकाहारी हैं तो दूध, चीज, दही जैसी चीजों का सेवन करके हाई जिंक की मात्रा का सेवन कर सकते हैं। डेयरी उत्पादों में बायो अवेलेबल जिंक की मात्रा ज्यादा होती है जिससे शरीर में जिंक अच्छे से अब्जॉर्ब भी हो जाता है।

अंडे

अंडे भी एक काफी अच्छा पौष्टिक फूड है। इसमें कई सारे पौष्टिक तत्व जैसे प्रोटीन, विटामिन, मिनरल, सेलेनियम, जिंक आदि होते है। अगर आप रोजाना पर्याप्त मात्रा में अंडे का सेवन करते हैं तो आपके शरीर की रोजाना की जिंक की जरूरत पूरी होने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आयेगी।

डार्क चॉकलेट

डार्क चॉकलेट में भी अच्छी खासी मात्रा में जिंक उपलब्ध होता है। डार्क चॉकलेट में एंटी ऑक्सीडेंट्स, आयरन और मैग्नीशियम आदि होते हैं। इससे दिमाग अच्छे से फंक्शन करता है और ब्लड प्रेशर का लेवल भी कम होता है और नियंत्रित रहने में मदद मिलती है।

फलियां

अगर आप प्लांट बेस्ड डाइट पर निर्भर रहते हैं तो फलियों जैसे फूड आपके लिए काफी पौष्टिक और लाभदायक होते हैं। फलियों जैसे छोले, लेंटिल्स, बींस आदि में जिंक की अच्छी खासी मात्रा उपलब्ध होती है। इनमें केवल जिंक ही नहीं बल्कि प्रोटीन, फाइबर, विटामिन अन्य जैसे पौष्टिक तत्व भी शामिल होते हैं।

मीट

अगर आप नॉन वेज फूड खाते हैं तो मीट का सेवन करने से आपको जिंक की पर्याप्त मात्रा प्राप्त हो सकती है। इसके साथ ही आपको प्रोटीन, आयरन और विटामिन बी भी मिलते हैं। ज्यादा प्रोसेस मीट का सेवन भी न करें क्योंकि ऐसा करने से पाचन में समस्या आ सकती है।

ओट्स

ओट्स में जिंक, प्रोटीन और फाइबर होते हैं। इनमें फाइबर होने की वजह से आपको लंबे समय तक भूख भी नहीं लगती है। ओट्स का सेवन करने से ब्लड शुगर लेवल कम होने में और बीमारियों का रिस्क कम होने में मदद मिलती है। इसमें एंटी ऑक्सीडेंट्स भी पाए जाते हैं।

जिंक की कमी के लक्षण - (Symptoms of Zinc Deficiency in Hindi)

  • अचानक वजन घटना
  • बालों का झड़ना
  • चक्कर आना या मतली
  • अचानक होने वाला सिरदर्द जो दूर नहीं होगा
  • घाव जो ठीक से ठीक नहीं होंगे
  • गंध और स्वाद की अनुभूति कम होना
  • दस्त
  • भूख में कमी
  • नपुंसकता या स्तंभन दोष
  • कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता
  • आंखों का धुंधलापन
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source