
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : March 16, 2023 7:01 AM IST
जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे शरीर से जुड़ी कई तरह की समस्याएं भी घेरने लगती हैं। बात महिलाओं की करें तो 50 साल की उम्र से ज्यादा की महिलाओं में विटामिन की कमी होना आम बात है। विटामिन से भरपूर डाइट ना लेने से शारीरिक रूप से कमजोरी महसूस होने लगती है। इसकी वजह से जोड़ों में दर्द, हड्डी टूटना और मनोवैज्ञानिक और तंत्रिका सम्बंधित समस्याएं होती रहती हैं। एक उम्र के बाद शरीर अपने आप विटामिन का उत्पादन नहीं कर पाता। इसके लिए हमें विटामिन से भरपूर आहार और ड्रिंक्स का सेवन करना चाहिए। अगर आप भी 50 के पार हो चुकी हैं, तो आपको अपनी डाइट में विटामिन युक्त चीजों को शामिल कर लेना चाहिए। ये चीजे कौन सी हैं, चलिए जान लेते हैं।
विटामिन डी का सबसे अच्छा स्रोत धूप होती है। लेकिन क्या धूप शरीर में शरीर में विटामिन डी की कमी को पूरा कर सकती हैं, ये एक बड़ा सवाल है। 50 साल से ज्यादा की महिलाओं के लिए विटामिन डी के सप्लीमेंट्स लेने जरूरी होते हैं। इससे ना केवल इम्युनिटी बढ़ती है, बल्कि डिप्रेशन, चिंता और थकान से लड़ने में भी मदद मिलती है। डेयरी प्रोडक्ट्स, अंडे और मछली विटामिन डी के सबसे अच्छे स्रोत माने जाते हैं। इसके साथ ही सुबह कुछ देर धूप में बैठें, इससे विटामिन डी की कमी पूरी हो सकती है।
50 साल की उम्र के बाद ज्यादातर महिलाओं को विटामिन बी 6 की कमी का सामना करना पड़ता है। हेल्दी और फिट रहने के लिए विटामिन बी 6 से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करना जरूरी होता है। गाजर, पालक, केला, दूध, चिकन और कलौंजी विटामिन बी 6 के अच्छे स्रोतों में से एक माने जाते हैं।
विटामिन सी इम्युनिटी सिस्टम को मजबूत बनाकर कई तरह की बिमारियों और इन्फेक्शन से बचाने में मदद करता है। 50 की उम्र के बाद स्किन से जुड़ी समस्याओं को कम करने के लिए भी विटामिन सी जरूरी होता है। इससे आंखों की सेकत भी अच्छी रहती है।
विटामिन बी 9 महिलाओं के शरीर के लिए बेहद जरूरी है। यह विटामिन दिमाग से लेकर रीढ़ की हड्डी तक को साधने के लिए महत्वपूर्ण है। इसकी कमी को पूरा करने के लिए डाइट में चावल, एवोकाडो, संतरा, ब्रोकली, अनाज और साग को शामिल किया जा सकता है।
विटामिन बी 12 से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन एनर्जी का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है। आप अपनी डाइट में डेयरी उत्पाद, चिकन, अंडा, मछली, दूध, मीट जैसी चीजों को शामिल कर सकती हैं। इन सभी चीजों से विटामिन बी 12 की कमी पूरी हो सकती है।
40 की उम्र के बाद से ही महिलाओं की हड्डियों में कमजोरी होने लगती है। इसकी कमी को पूरा करने के लिए कैल्शियम से भरपूर चीजों को अपनी डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए। कैल्शियम से भरपूर चीजों के सेवन से हड्डियों में मजबूती आती है, और फ्रैक्चर होने का खतरा कम रहता है। इसके लिए टोफू, ड्राई फ्रूट्स, नट्स, सोयाबीन, डेयरी प्रोडक्ट्स, हरी पत्तेदार सब्जियां, मछली, साल और बीन्स का सेवन करें।
ये कुछ ऐसे फूड्स हैं, जो हर महिला को अपनी डाइट में शामिल जरुर करना चाहिए। फिर उम्र चाहे कोई भी हो, शरीर का हेल्दी रहना बेहद जरूरी है।