
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : September 26, 2023 4:55 PM IST
सदियों से ही लौकी हम भारतीयों के दैनिक खानपान का अहम हिस्सा रहा है। सब्जी की बात हो या सूप की, हम सभी लौकी का सेवन कई तरह से करते हैं। इससे बने पकवान न सिर्फ खाने में बहुत स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि सेहत के लिए बहुत लाभकारी भी होते हैं। इसे डाइट में शामिल करने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। यह पानी से भरपूर होता है। साथ ही, इसमें विटामिन सी, बी, आयरन, मैग्नीशियम और मैंगनीज आदि जैसे जरूरी पोषक तत्व बहुत अच्छी मात्रा में होते हैं। वजन घटाने से लेकर ब्लड शुगर को कंट्रोल करने और कई गंभीर रोगों के जोखिम कम करने तक, लौकी का सेवन करने के अनेक स्वास्थ्य लाभ हैं। इसलिए हमें इसे डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए।
आजकल हम देखते हैं कि लोग लौकी के लाभ लेने के लिए लोग इसके जूस का भी काफी सेवन करते हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि लौकी के अन्य व्यंजनों की तरह इसका जूस भी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। लेकिन इसका सही तरीके से और सीमित मात्रा में सेवन करना ही फायदेमंद माना जाता है। अगर आप इसका रोज या अधिक मात्रा में सेवन करते हैं, तो इससे आपकी सेहत को कुछ नुकसान भी हो सकते हैं। लौकी का जूस आपको रोज क्यों नहीं पीना चाहिए, इस लेख में हम आपको इसके 5 कारण बता रहे हैं.....
लौकी एक पानी से भरपूर सब्जी है। अगर आप लौकी का जूस रोज पीते हैं, तो यह आपके पाचन को प्रभावित कर सकता है। इससे आपको अपच, पेट में सूजन, ब्लोटिंग, कब्ज और एसिडिटी आदि जैसी पेट संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
लौकी में कुकरबिटासिन नामक कुछ ऐसे एंजाइम्स पाए जाते हैं, तो शरीर में टॉक्सिन्स की अधिकता का कारण बन सकते हैं। अगर आप रोज इसका सेवन करते हैं, तो इसकी वजह से आपको कुछ स्वास्थ्य समस्याओं की भी सामना करना पड़ सकता है जैसे, पेट दर्द, उल्टी, और दस्त आदि।
लौकी में कुछ ऐसे तत्व भी होते हैं, जिनके कारण लोगों में एलर्जिक रिएक्शन देखने को मिल सकते हैं। बहुत बार यह देखने को मिलता है, जो लोग रोज लौकी का जूस पीते हैं उन्हें त्वचा में खुजली, चकत्ते, पित्ती और चेहरे पर सूजन आदि की समस्या हो जाती है।
सीमित मात्रा में लौकी का जूस पीने से ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है। लेकिन लौकी का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत कम होता है। अगर किसी व्यक्ति को लो ब्लड शुगर की समस्या है और वह रोज इसका सेवन करता है, तो इससे उसका ब्लड शुगर लेवल बहुत कम हो सकता है। यह उनकी परेशानियां बढ़ा सकता है।
लौकी के जूस में ड्यूरेटिक यानी मूत्रवर्धक गुण होते हैं। इसका सेवन करने से आपको बार-बार पेशाब आता है। इससे आपकी किडनी पर दबाव बढ़ सकता है और किडनी का कार्य प्रभावित हो सकता है।
सबसे पहली बात यह है कि आपको लौकी के जूस का सेवन मोडरेशन में करना चाहिए। साथ ही, आपको एक दिन में 50ml से अधिक लौकी का जूस नहीं पीना चाहिए। इसके अलावा, कोशिश करें कि घर पर बना लौकी का जूस पिएं। हमेशा यह जरूर चेक करें कि लौकी कड़वा नहीं होना चाहिए। कड़वी लौकी का जूस पीने से आपको फूड प्वाइजनिंग की समस्या हो सकती है। इसलिए बाहर से लौकी का जूस पीने से बचें। अगर आप लौकी का जूस पीने के बाद आपको किसी भी तरह की दिक्कत होती है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।