hamburger icon
A
Read in English

ज्यादा गर्म करने पर क्यों हेल्थ के लिए नुकसानदायक हो जाते हैं कुकिंग ऑयल? क्या इसका कोई सेफ तरीका है?

कुकिंग ऑयल वैसे तो हेल्थ के लिए अच्छे होते हैं, लेकिन अगर उन्हें बहुत ज्यादा गर्म किया जाए तो वे हेल्थ के लिए नुकसानदायक भी हो सकते हैं। इस लेख में हम जानेंगे कि कुकिंग ऑयल को कितना गर्म करना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : July 7, 2026 5:01 PM IST

कभी बीमार पड़ने के बाद जब हम डॉक्टर के पास जाते हैं, तो डॉक्टर दवाएं देने के साथ-साथ यही सलाह देते हैं कि घर का खाना खाओ। ऐसा इसलिए बोला जाता है, क्योंकि घर का खाना हेल्दी होता है, उसमें कुछ भी प्रोसेस्ड नहीं होता। लेकिन यह भी सच है कि आज के समय में घर के खाने के हेल्दी गुणों को मेन्टेन करके रखना भी मुश्किल होता जा रहा है, क्योंकि खाने में इस्तेमाल की जाने वाली बहुत सी ऐसी चीजें हैं जो प्रोसेस्ड होती हैं, जैसे कि कुकिंग ऑयल। अगर आप भी यही सोच रहे हैं कि आप जो घर पर कुकिंग ऑयल इस्तेमाल करते हैं, उसपर तो हेल्दी लिखा है लेकिन कुछ कुकिंग ऑयल ऐसे भी होते हैं जिन्हें ज्यादा गर्म करने पर कुछ ऐसे तत्व विकसित हो जाते हैं जो हेल्थ के लिए कई बार नुकसानदायक हो सकते हैं। आज हम इन्हीं कुकिंग ऑयल के बारे में कुछ जानेंगे।

कुकिंग ऑयल को ज्यादा गर्म करना

जिस तेल का इस्तेमाल हम खाना पकाने के लिए करते हैं, उसे कुकिंग ऑयल कहा जाता है और उसे गर्म करने की एक लिमिट होती है। अगर कुकिंग ऑयल को उसकी लिमिट से ज्यादा गर्म किया जाए तो उसमें मौजूद हेल्दी तत्व कम होने लगते हैं और कुछ अनहेल्दी तत्व विकसित हो सकते हैं। यानी कुकिंग ऑयल को गर्म करने की एक लिमिट होती है, जिसे स्मोक पॉइंट कहा जाता है और जब यह लिमिट क्रॉस हो जाती है तो तेल हेल्दी नहीं रहता है।

ऐसा आमतौर पर इसलिए होता है क्योंकि लिमिट से ज्यादा गर्म होने पर कुकिंग ऑयल से कुछ हानिकारक केमिकल धुएं के साथ निकलने लगते हैं, जो आंखों और फेफड़ों दोनों के लिए खतरनाक माने जाते हैं। साथ ही पॉलीअनसेचुरेटेड फैटी एसिड और मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड्स जैसे अच्छे फैट्स भी ट्रांस फैट्स में बदलने लगते हैं जो सेहत के लिए अच्छे नहीं माने जाते हैं।

क्या है तेल गर्म करने की सेफ लिमिट

हर तेल को गर्म करने की एक लिमिट होती है और अगर उन्हें लिमिट में गर्म किया जाए तो वे सेहत के लिए हानिकारक नहीं माने जाते हैं। हालांकि, यह भी ध्यान रखना होगा कि किस प्रकार के तेल को कितना गर्म किया जा सकता है, उदाहरण के लिए सरसों और मूंगफली के तेल को ज्यादा गर्म नहीं किया जा सकता है, ये जल्दी जल जाते हैं। वहीं सूरजमुखी और ऑलिव ऑयल को थोड़ा ज्यादा गर्म किया जा सकता है, लेकिन बहुत ज्यादा गर्म नहीं करना चाहिए।

बाहर का खाना इसलिए भी हेल्दी नहीं माना जाता है, क्योंकि उसमें आमतौर पर तेल को बहुत ज्यादा और बार-बार गर्म किया जाता है। जबकि कुकिंग ऑयल को सिर्फ एक ही बार गर्म करना चाहिए और लिमिट में ही गर्म करना चाहिए। अगर किसी भी कुकिंग ऑयल को दोबारा गर्म किया जाता है या बहुत ज्यादा गर्म किया जाता है, तो उसमें से अनहेल्दी तत्व निकलने लगते हैं।

खाना बनाने के लिए अच्छी क्वालिटी का तेल अपनाएं

हमेशा अच्छी क्वालिटी वाले कुकिंग ऑयल का ही इस्तेमाल करना चाहिए। जब भी आप घर के लिए कुकिंग ऑयल खरीदने जाएं तो रिफाइंड ऑयल की जगह कच्ची घानी वाले तेल का इस्तेमाल करें, जिसे अंग्रेजी भाषा में कोल्ड प्रोसेस कुकिंग ऑयल भी कहा जाता है। साथ ही कुकिंग ऑयल कोई भी हो उसे गर्म करते समय ध्यान रखें कि धुआं न निकले।

डिसक्लेमर: इस लेख का सिर्प यह बताना है कि खाना पकाने वाले तेल को ज्यादा गर्म करने से क्या नुकसान हो सकते हैं और उसे कितना गर्म करना सुरक्षित है। इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के लिए नहीं है और उसके लिए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।