
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : October 28, 2024 5:19 PM IST
Diwali 2024: दिवाली का त्योहार अब बस कुछ ही दिन दूर है। दिवाली के मौके पर लोग अपने घरों को दीयों से सजाते हैं और कई तरह के पकवान बनाते हैं। इस दिन अधिकतर घरों में जिमीकंद या सूरन की सब्जी बनाने का रिवाज भी है। इसे ओल के नाम से भी जाना जाता है। यह परंपरा मुख्य रूप से बिहार और उत्तर प्रदेश में निभाई जाती है। दरअसल, ऐसी मान्यता है कि दिवाली की रात जिमीकंद की सब्जी को खाने से घर में सुख-समृद्धि आती है। लेकिन आपको बता दें कि परंपरा के अलावा जिमीकंद की सब्जी सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद मानी जाती है। इसमें विटामिन-बी6, विटामिन-सी, आयरन, पोटैशियम, फोलिक एसिड, फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम, कार्बोहाइड्रेट और जिंक जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसके अलावा, इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो कई बीमारियों से बचाव में मदद करते हैं। इसके सेवन से इम्यूनिटी बूस्ट होती है और पाचन तंत्र भी दुरुस्त रहता है। साथ ही, इस सब्जी के सेवन से हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने से लेकर वजन घटाने में मदद मिल सकती है। आज इस लेख में डाइट्रीफिट की डायटीशियन अबर्ना माथीवानन से जानते हैं जिमीकंद खाने के फायदों के बारे में विस्तार से -
जिमीकंद की सब्जी का सेवन पाचन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। दरअसल, इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके सेवन से कब्ज, अपच, गैस और एसिडिटी जैसी पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।
जिमीकंद का सेवन करने से एनीमिया की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। दरअसल, इसमें आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से खून की कमी की शिकायत को दूर करने में मदद मिल सकती है।
जिमीकंद की सब्जी का सेवन करने से वजन घटाने में मदद मिल सकती है। दरअसल, इसमें कैलोरी की मात्रा कम होती है और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है। इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती है। इसकी वजह से आप ओवरईटिंग से बच सकते हैं, जिससे वजन कम करने में मदद मिल सकती है।
जिमीकंद का सेवन करने से शरीर में सूजन की समस्या से राहत मिल सकती है। दरअसल, इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो सूजन और दर्द को कम करने में मदद करते हैं। गठिया के मरीजों के लिए इसका सेवन काफी लाभकारी साबित हो सकता है।
जिमीकंद का सेवन दिल के स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल, इसमें पोटैशियम मौजूद होता है, जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है। साथ ही, इसके सेवन से बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद मिल सकती है, जिसे दिल से जुड़ी बीमारियों का जोखिम कम होता है।
Disclaimer: हमारे लेखों में साझा की गई जानकारी केवल इंफॉर्मेशनल उद्देश्यों से शेयर की जा रही है इन्हें डॉक्टर की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी बीमारी या विशिष्ट हेल्थ कंडीशन के लिए स्पेशलिस्ट से परामर्श लेना अनिवार्य होना चाहिए। डॉक्टर/एक्सपर्ट की सलाह के आधार पर ही इलाज की प्रक्रिया शुरु की जानी चाहिए।