सिर्फ दूध से नहीं चलेगा काम सर्दियों में हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए बेहद जरूरी हैं ये 5 फूड्स

Special Diet for Strong Bone: हड्डियों को मजबूत करने के लिए रोज सिर्फ एक ग्लास दूध पीने से कुछ नहीं होगा, बल्कि उसके साथ-साथ डाइट में कुछ खास चीजों का शामिल करना भी बेहद जरूरी है जिनके बारे में आप इस लेख में जानेंगे।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : December 6, 2025 2:05 PM IST

Haddiyo ko Majboot Karne ke Liye Kya Khaye: जिस प्रकार हेल्दी रहने के लिए एक अच्छा लाइफस्टाइल जरूरी है, उसी प्रकार अच्छे लाइफस्टाइल के लिए हेल्दी खाना भी जरूरी है। हड्डियां शरीर का एक बेहद महत्वपूर्ण अंग है, क्योंकि शारीरिक मजबूती भी मजबूत हड्डियों से ही मिलती है। खासकर छोटे और बुजुर्गों के लिए यह हड्डियों की मजबूती और भी ज्यादा जरूरी हो जाती है। असल में मजबूत हड्डियां केवल शरीर को सहारा ही नहीं देतीं, बल्कि रोजमर्रा की गतिविधियों में संतुलन और ऊर्जा के स्तर को बनाए रखने में भी मदद करती हैं। अक्सर हम लोग कमजोरी होती हड्डियों को मजबूत करने के लिए केवल दूध पर निर्भर हो जाते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि हमारी रसोई में ऐसे कई सुपरफूड्स मौजूद होते हैं, जो कैल्शियम, विटामिन डी, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे तत्वों को प्राप्त करने का बेहतरीन स्रोत है। तो आइए जानें ऐसे पांच सुपरफूड्स के बारे में जिन्हें आपको अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए।

दही (Curd For Strong Bones)

आप कहेंगे यह तो वहीं बात हुई, जैसे किसी हिंदी शब्द का अर्थ अंग्रेजी में बता देना। लेकिन नहीं दूध के मुकाबले दही में विटामिन डी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। वहीं दूध की तुलना में अधिक आसानी से पच जाता है और आंतों के लिए भी फायदेमंद है। ऐसे में रोजाना एक कटोरी दही खाने से हड्डियों की मजबूती बढ़ती है और जोड़ों का दर्द भी कम हो जाता है।

(और पढ़ें - रोज सुबह दही खाने के फायदे)

बादाम (Almond For Strong Bones)

बादाम भी इसमें आपकी मदद कर सकता है। असल में बादाम में मैग्नीशियम, कैल्शियम और हेल्दी फैट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। ये हड्डियों की मजबूती और मसल फंक्शन सुधारने में मदद करते हैं। आप सुबह बादाम को भिगोकर खाएं या बादाम का दूध बनाकर सेवन करें, दोनों ही रूपों में यह हड्डियों को मजबूत करेगा।

(और पढ़ें - रोज सुबह बादाम खाने के फायदे)

तिल (Sesame Seeds For Strong Bones)

सर्दियों में अधिकता में बाजारों में पाए जाने वाले छोटे-छोटे तिल कैल्शियम का खजाना होते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि आधा कप तिल में उतना कैल्शियम होता है, जितना दो गिलास दूध से प्राप्त होता है। ऐसे में आप सर्दियों में तिल के लड्डू या तिल को सलाद और दालों में मिलाकर खा सकते हैं और हड्डियों को मजबूती बना सकते हैं।

सरसों का साग और पालक (Mustard and Spinach for Strong Bones)

सर्दियों में बहुतायत में मिलने वाली हरी पत्तेदार सब्जियों में कैल्शियम, आयरन और विटामिन के की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो हड्डियों के लिए बेहद फायदेमंद है। आप सरसों का साग, पालक, मेथी जैसी सब्जियों का सेवन कर हड्डियों के घनत्व को बढ़ा सकते हैं और उम्र बढ़ने के साथ होने वाली हड्डियों की कमजोरी से बच सकते हैं।

रागी (Finger Millet For Strong Bones)

कई अध्ययनों ने रागी को कैल्शियम का प्राकृतिक स्रोत माना है। इसमें दूध से भी ज्यादा कैल्शियम पाया जाता है। ऐसे में रागी का चीला, रोटी, खीर या दलिया नियमित रूप से खाने से बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की हड्डियों को मजबूती मिल सकती हैं। इसके अलावा भी रागी में कई ऐसे खास तरह को पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को अन्य कई फायदे पहुंचाते हैं।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source