
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : March 25, 2025 4:53 PM IST
Medically Verified By: Abarna Mathivanan
Foods To Eat And Avoid In TB: टीबी यानी ट्यूबरक्लोसिस एक संक्रामक बीमारी है, जो माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरक्लोसिस नामक संक्रामक से फैलती है। यह बीमारी शरीर के किसी भी हिस्से को प्रभावित कर सकती है। यह बीमारी फेफड़ों को सबसे ज्यादा प्रभावित करती है। इसलिए टीबी होने पर डॉक्टर की सलाह पर सही उपचार के साथ-साथ आपको एक संतुलित आहार का सेवन भी करना चाहिए। टीबी होने पर मरीजों को अक्सर कमजोरी महसूस होना, हल्का बुखार आना और उल्टी जैसा महसूस होता है। साथ ही, व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी अत्यधिक कमजोर हो जाती है। इसलिए टीबी के मरीजों को अपने इम्यून सिस्टम को मजबूत करने के लिए एक अच्छी डाइट को अपनाना चाहिए। सही खानपान और डॉक्टर द्वारा बताए गए उपचार की मदद से टीबी की बीमारी को जड़ से ठीक किया जा सकता है। आइए, इस लेख में डाइट्रीफिट की डायटीशियन अबर्ना माथीवानन से जानते हैं कि टीबी के मरीजों को क्या खाना चाहिए और किन चीजों से बिल्कुल परहेज करना चाहिए?
टीबी होने पर शरीर की मांसपेशियां बहुत ही कमजोर हो जाती हैं। इसलिए मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए आपको प्रोटीन युक्त भोजन जैसे दूध, पनीर और अंडे को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। पनीर मसल्स के निर्माण में सहायक होते है, जबकि दूध प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है। टीबी के रोगियों को तीनों समय दूध का सेवन करना चाहिए। इसके अलावा दूध के साथ पनीर या अंडे का सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। आप मछली, चिकन, सोयाबीन और प्रोटीन से भरपूर दालों का सेवन भी कर सकते हैं।
टीबी होने पर शरीर में विटामिन-ए, बी कॉम्प्लेक्स, विटामिन-सी और विटामिन-ए की कमी हो जाती है। इसलिए इन पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने के लिए अमरूद और आंवला का सेवन करना चाहिए। इससे विटामिन की कमी को पूरा किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त पोटेशियम और विटामिन की कमी को पूरा करने के लिए स्ट्रॉबेरी और विटामिन-ए की कमी को पूरा करने के लिए आप आम और पपीता खा सकते है। आप अंगूर, अनार, संतरा जैसे फलों का भी सेवन कर सकते हैं।
टीबी की बीमारी ठीक करने के लिए रोगियों को एंटीबायोटिक दवाइयां दी जाती है। लेकिन इससे लड़ने के लिए अत्यधिक ऊर्जा की आवश्यकता होती है। इसलिए इस बीमारी में आपको विशेष रूप से गाजर, टमाटर, ब्रोकली और शकरकंद का सेवन अधिक मात्रा में करना चाहिए।
टीबी के रोगियों को जंक फूड जैसे पिज्जा, बर्गर, पैकेज्ड स्नैक्स, नूडल्स आदि का सेवन बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। क्योंकि इन सभी चीजों में अधिक मात्रा में वसा पाया जाता है, जिसका सेवन करने से आपको पेट में ऐंठन और थकान जैसा महसूस हो सकता है।
टीबी के रोगियों को अत्यधिक मिठाई, कोल्ड ड्रिंक और शक्कर से भरपूर चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। यदि आप टीबी की बीमारी के दौरान इन चीजों का अधिक सेवन करते हैं, तो इससे ब्लड शुगर का स्तर बढ़ सकता है, जिससे शरीर में कमजोरी और थकावट महसूस हो सकती है।
टीबी के मरीजों को चाय, कॉफी और शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। क्योंकि इससे दवाओं का असर कम होने लगता है और टीबी को ठीक होने में समय भी अधिक लगता है। अत्यधिक चाय और कॉफी पीने से शरीर में डिहाइड्रेशन बढ़ सकता है। इसलिए इससे बचाव के लिए जरूरी है कि आप चाय, कॉफी और शराब का सेवन बिल्कुल भी ना करें।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।