गर्मियों में क्या खाएं ताकि स्किन हेल्दी रहे?
गर्मियों में हमारी स्किन बहुत ही ज्यादा ऑयली, डल और एक्नेप्रोन हो जाती है, ऐसे में आप सही खानपान अपनाकर अपनी स्किन को नेचुरली ग्लोइंग बना सकते हैं। आइए जानते त्वचा को निखारने वाले फूड्स कौन से हैं।
Glowing Skin Ke Liye Best Foods: गर्मियों का मौसम आते ही तेज धूप, पसीना और गर्म हवा का असर सबसे ज्यादा हमारी त्वचा पर दिखाई देने लगता है। इस मौसम में स्किन डल, ऑयली और डिहाइड्रेटेड हो सकती है। कई लोगों को पिंपल्स, टैनिंग, खुजली और रैशेज जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। ऐसे में हम तरह-तरह के स्किन केयर और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने के बारे में सोचते हैं और करते भी हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिर्फ कुछ हेल्दी फूड्स खाने भर से आप अपनी स्किन को नेचुरल ग्लोइंग बना सकते हैं।
जी हां, और यह हम नहीं बल्कि ज़ायनोवा शाल्बी हॉस्पिटल, मुंबई की बोर्ड सर्टिफाइड गोल्ड मेडलिस्ट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर सुरभि देशपांडे बता रही हैं। वह बताती हैं कि इतनी तेज गर्मी में सिर्फ बाहर से स्किन की देखभाल करना काफी नहीं होता, बल्कि अंदर से शरीर को सही पोषण देना भी बहुत जरूरी है। अगर खानपान सही रखा जाए तो गर्मियों में भी स्किन हेल्दी, ग्लोइंग और फ्रेश बनी रह सकती है। आइए जानते हैं डॉक्टर क्या खाने की सलाह देती हैं।
डाइट में शामिल करें वॉटर रिच फूड्स
गर्मियों में सबसे जरूरी है शरीर को हाइड्रेट रखना। जब शरीर में पानी की कमी होती है तो स्किन सूखी और बेजान दिखने लगती है। इसलिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और ताजे फलों का जूस भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। इससे शरीर के टॉक्सिन बाहर निकलते हैं और स्किन साफ दिखाई देती है।
वॉटर रिच फूड्स खाने से स्किन को क्या फायदा होता है?
गर्मियों में पानी से भरपूर फल जरूर खाने चाहिए। तरबूज, खरबूज, खीरा, संतरा और पपीता जैसे फल स्किन के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। तरबूज और खीरे में पानी की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर को ठंडक देने के साथ स्किन को भी हाइड्रेट रखते हैं। संतरा और नींबू जैसे खट्टे फलों में विटामिन सी भरपूर होता है, जो स्किन को ग्लो देने और दाग-धब्बे कम करने में मदद करता है। पपीता स्किन को अंदर से साफ रखने और चमक बढ़ाने में फायदेमंद होता है।
खूब सब्जियां खाएं
हरी सब्जियां भी स्किन को हेल्दी रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। पालक, लौकी, तोरी और टिंडा जैसी हल्की सब्जियां शरीर को ठंडक देती हैं और पाचन भी अच्छा रखती हैं। इनमें मौजूद विटामिन और मिनरल्स स्किन को पोषण देते हैं। इसके अलावा दही भी गर्मियों में बहुत फायदेमंद माना जाता है। दही पेट को ठंडा रखता है और पाचन बेहतर बनाता है, जिसका असर स्किन पर भी दिखाई देता है।
तला-भूना खाने से बचें
गर्मियों में ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और जंक फूड खाने से बचना चाहिए। ऐसे खाने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है और पिंपल्स या ऑयली स्किन की समस्या बढ़ सकती है। ज्यादा चीनी और कोल्ड ड्रिंक का सेवन भी स्किन को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके बजाय हल्का और घर का बना ताजा खाना खाना बेहतर होता है।
ड्राई फ्रूट्स और बीज भी स्किन के लिए अच्छे माने जाते हैं। बादाम, अखरोट, अलसी और चिया सीड्स में अच्छे फैट और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो स्किन को हेल्दी रखने में मदद करते हैं। हालांकि इन्हें सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।
डिस्क्लेमर- अच्छी स्किन के लिए केवल सही खाना ही नहीं, बल्कि पर्याप्त नींद और तनाव से दूर रहना भी जरूरी है। गर्मियों में हल्का भोजन, ज्यादा पानी और पोषण से भरपूर चीजें खाने से स्किन लंबे समय तक हेल्दी और चमकदार बनी रह सकती है।