गर्मी में पानी पीने का सही तरीका क्या है? जानें कितना, कब और कैसे पीना चाहिए पानी
गर्मियों में पानी पीना हम सबकी सेहत के लिए बहुत जरूरी है। लेकिन गर्मियों में सिर्फ पानी पीना जरूरी नहीं है, बल्कि सही मात्रा में और सही तरीके से पानी पीना चाहिए। आइए जानते हैं इसके बारे में-
पानी हम इंसान की पहली जरूरत है। हर व्यक्ति बिना खाने के 2 से 3 दिन रखा जा सकता है, लेकिन बिना पानी के तो जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। खासकर गर्मी के मौसम में शरीर को हेल्दी और ठंडा रखने के लिए पर्याप्त पानी पीना बेहद जरूरी होता है। गर्मी में तेज धूप, पसीना और बढ़ता तापमान शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ा देते हैं। अगर सही समय और सही मात्रा में पानी न पिया जाए, तो कमजोरी, चक्कर, सिरदर्द और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए हम सबका यह जानना जरूरी है गर्मियों में कितना पानी पीना चाहिए और गर्मियों में पानी पीने का सही तरीका क्या है। आइए जानते हैं इसके बारे में जयपुर की महात्मा गांधी अस्पताल की डाइटिशियन प्रांजल कुमत से।
शरीर को कितने पानी की जरूरत होती है?
डाइटिशियन बताती हैं कि हर व्यक्ति के शरीर की जरूरत अलग होती है, लेकिन सामान्य तौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति को दिनभर में लगभग 2.5 से 3.5 लीटर पानी पीना चाहिए। जो लोग गर्मी में ज्यादा समय धूप में बिताते हैं, एक्सरसाइज करते हैं या किसी व्यक्ति को पसीना ज्यादा आता है तो उन्हें ज्यादा मात्रा में पानी पीना चाहिए। प्रांजल कुमत बताती हैं कि गर्मियों में सिर्फ सही मात्रा में पानी पीना जरूरी नहीं होता है, बल्कि पानी को सही तरीके से पीना भा जरूरी है। तो चलिए आगे जानते हैं गर्मियों में पानी पीने का सही तरीका क्या है?
1. सुबह उठते ही पानी पिएं
सुबह खाली पेट 1 से 2 गिलास सामान्य या हल्का गुनगुना पानी पीना शरीर के लिए फायदेमंद होता है। इससे शरीर हाइड्रेट रहता है और पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है।
2. धूप में निकलने से पहले
घर से बाहर निकलने से 15 से 20 मिनट पहले एक गिलास पानी जरूर पिएं। इससे शरीर में पानी की कमी जल्दी नहीं होती।
3. थोड़ी - थोड़ी देर में पानी पिएं
गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट करने के लिए एक साथ बहुत ज्यादा पानी पीने के बजाय हर 30 से 40 मिनट में थोड़ा-थोड़ा पानी पिएं। थोड़ी - थोड़ी मात्रा में पानी पीने से शरीर सही तरीके से हाइड्रेट होता है और लू से बचाव करने में मदद मिलती है।
4. खाना खाने के तुरंत बाद ज्यादा पानी न पिएं
खाना खाने के के तुरंत बाद ज्यादा पानी पीने से पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है। इसलिए गर्मियों में खाने के लगभग 30 मिनट बाद पानी पीना बेहतर होता है।
5. रात को सोने से पहले
सोने से पहले थोड़ा पानी पीना शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है, लेकिन बहुत ज्यादा पानी पीने से नींद बार-बार टूट सकती है।
गर्मी में पानी पीने का सही तरीका
- गर्मी में हमेशा बैठकर पानी पिएं।
- बहुत तेज धूप से आने के तुरंत बाद बर्फ जैसा ठंडा पानी न पिएं।
- सामान्य तापमान या हल्का ठंडा पानी शरीर के लिए बेहतर होता है।
- एकदम तेजी से पानी पीने के बजाय धीरे-धीरे घूंट लेकर पिएं।
- प्लास्टिक बोतल की बजाय स्टील या मिट्टी के बर्तन का पानी ज्यादा अच्छा माना जाता है।
गर्मी के मौसम में सही मात्रा और सही तरीके से पानी पीना सेहत के लिए जरूरी है। शरीर को हाइड्रेट रखना हीट स्ट्रोक, थकान और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है। इसलिए ऊपर बताए गए तरीके से पानी जरूर पिएं।
Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी केवल आपकी जागरुकता के लिए हैं। अगर आपको कोई खास लक्षण महसूस हो तो परेशान न हो, समय पर डॉक्टर को दिखाकर जांच कराएं।