Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
एक फिट शरीर न सिर्फ आकर्षण का केंद्र है, बल्कि अच्छा और लंबा जीवन जीने के लिए भी सबसे जरूरी है। यही कारण है कि आज भी तेजी से वजन घटाने के तरीके लोगों को खूब लुभा रहे हैं। वजन कम करने के वैसे तो कई तरीके हैं, मगर इस समय क्रैश डाइट ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। हालांकि, अधिकतर लोगों को डाइट चुनना आसान लगता है, लेकिन उसे लंबे समय तक करना अक्सर चुनौतीपूर्ण होता है। एक सर्वे के अनुसार केवल 60% लोग ही डाइट सही से फॉलो कर पाते हैं, जबकि अधिकतर लोग तो इसे बीच में छोड़ देते हैं। क्रैश डाइट को आज सभी लोग अपना रहे हैं, क्योंकि इससे वजन तेजी से कम होता है। लेकिन सबसे जरूरी सवाल ये है कि क्रैश डाइट सुरक्षित भी है या नहीं। इस लेख में हम अलग-अलग पहलुओं की मदद से क्रैश डाइट क्या है, इसके फायदे और नुकसान के बारे में जानेंगे।
क्रैश डाइट एक ऐसा आहार तरीका है, जिसमें अचानक कैलोरी की मात्रा काफी कम कर दी जाती है। इसमें फल, सब्जियां, प्रोटीन और कम कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थ शामिल होते हैं। दिन भर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में भोजन किया जाता है और जंक फूड से पूरी तरह से दूरी बनाई जाती है। इस प्रक्रिया में शरीर नई खानपान आदतों के अनुसार खुद को ढालता है, जिससे तेजी से वजन कम होने लगता है, जो की साफ नजर भी आता है।
(और पढ़ें - क्या इंटरमिटेंट फास्टिंग सेफ है?)
क्रैश डाइट का सबसे बड़ा फायदा है कि यह कम समय में वजन घटाने का एक बेहतरीन तरीका है। असल में इस डाइट में जब आप सीमित मात्रा में कैलोरी लेते हैं, तो शरीर जमा चर्बी को ऊर्जा के रूप में इस्तेमाल करने लगता है। यह तरीका खासकर अधिक वजन वाले लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है। कई बार डॉक्टर भी इसे सीमित समय के लिए सुझाते हैं, खासकर जब जल्दी वजन कम करना जरूरी हो। हालांकि, इसे केवल कुछ समय के लिए ही अपनाना उचित माना जाता है।
इससे वजन तेजी से कम होता है यह तो आप जान गए, लेकिन इस डाइट के कई नुकसान भी हैं। क्योंकि इस डाइट में बहुत कम कैलोरी ली जाती है तो इससे शरीर में ऊर्जा की कमी हो जाती है, जिससे थकान, कमजोरी और ध्यान में कमी हो सकती है। लंबे समय तक इसे अपनाने से कुपोषण, मेटाबॉलिज्म धीमा होना और हार्मोन असंतुलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, तनाव बढ़ना, बाल झड़ना और इम्यून सिस्टम कमजोर होना भी आम है।
यह बात भी आपको समझनी होगी कि क्रैश डाइट से वजन भले ही जल्दी कम हो जाता हो, लेकिन इसका असर स्थायी नहीं होता। जैसे ही व्यक्ति सामान्य आहार पर लौटता है, वजन फिर से बढ़ सकता है, कभी-कभी पहले से भी ज्यादा। इसका मुख्य कारण मेटाबॉलिज्म का धीमा होना है। इसलिए लंबे समय तक फिट रहने के लिए संतुलित आहार और नियमित व्यायाम ही सबसे बेहतर विकल्प हैं।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।