hamburger icon
A
Read in English

रोज सुबह का नाश्ता छोड़ने से कौन-कौन सी बीमारियां हो सकती हैं?

क्या आप भी उन लोगों में शामिल है जो सुबह की जल्दबाजी में अक्सर नाश्ता करना छोड़ देते हैं? अगर हां तो यह कई बीमारियों का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं इसके बारे में-

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : July 15, 2026 8:18 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dt. Pranjal kumat

सुबह का नाश्ता दिन का पहला और सबसे अहम खाना माना जाता है। लेकिन भागदौड़ भरी जिंदगी, ऑफिस की जल्दी या वजन कम करने की चाह में कई लोग नियमित रूप से नाश्ता छोड़ देते हैं। शुरुआत में यह आदत सामान्य लग सकती है, लेकिन लंबे समय तक ऐसा करना सेहत पर गंभीर असर डाल सकता है। रिसर्च बताती है कि रोजाना नाश्ता छोड़ने से मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज, हार्ट हेल्थ और पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की डाइटिशियन प्रांजल कुमत के अनुसार, रात भर खाली रहने के बाद शरीर को सुबह एनर्जी और पोषण की जरूरत होती है। यदि इस समय शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिलता, तो मेटाबॉलिज्म स्लो होने लगता है और धीरे-धीरे कई तरह की बीमारियां आपके शरीर के अंदर जन्म ले लेती हैं।

नाश्ता छोड़ने के नुकसान पर क्या कहती है रिसर्च?

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन (American Heart Association) की वेबसाइट पर मौजूद रिसर्च बताती है कि जो लोग नियमित रूप से नाश्ता नहीं करते, उनमें हृदय रोग और हाई ब्लड प्रेशर का जोखिम अधिक देखा गया है। इसके अलावा, हार्वर्ड टी.एच. चान स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ से जुड़ी रिसर्च बताती है कि सुबह का पहला खाना यानी की नाश्ता छोड़ने से शरीर में इंसुलिन के संतुलन को प्रभावित कर सकती है, जिससे टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।

नाश्ता छोड़ने से टाइप- 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ता है। नाश्ता छोड़ने से टाइप- 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ता है।

सुबह का नाश्ता छोड़ने से हो सकती हैं ये 5 बीमारियां

डाइटिशियन प्रांजल कुमत बताती हैं कि सुबह का नाश्ता छोड़ने से शरीर का इंसुलिन लेवल, हाइड्रेशन जैसी चीजें भी प्रभावित होती हैं। इससे कई प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ता है। इसमें मुख्य रूप से शामिल हैः

1. टाइप-2 डायबिटीज

एक्सपर्ट बताती हैं कि जब आप सुबह का नाश्ता छोड़ते हैं, तो शरीर लंबे समय तक खाली पेट रहता है। इससे ब्लड शुगर का संतुलन बिगड़ सकता है और इंसुलिन की कार्यक्षमता धीरे- धीरे कम होने लगती है। इससे लोगों में टाइप- 2 डायबिटीज का खतरा कई गुणा ज्यादा बढ़ जाता है।

2. वजन बढ़ता है

बहुत से लोग सोचते हैं कि नाश्ता छोड़ने से वजन कम होगा, लेकिन हकीकत इससे उलट होती है। सुबह भूखे रहने के कारण दोपहर या शाम को ज्यादा मात्रा में खाना खाते हैं या फिर चिप्स, नमकीन और जंक फूड को खाते हैं। इस तरह के खाने से शरीर में जाने वाले कैलोरी की मात्रा बढ़ जाती है। कैलोरी ज्यादा होने से मोटापा बढ़ता है। कई स्टडी बताती है कि वजन बढ़ना और मोटापा कई बीमारियों को जन्म दे सकता है।

3. हार्ट की बीमारियां

रिसर्च के अनुसार, नाश्ता छोड़ने वाले लोगों में कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा ज्यादा होता है। लगातार कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर बढ़ने से हार्ट अटैक और हार्ट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

4. पेट से जुड़ी परेशानियां

लंबे समय तक खाली पेट रहने से एसिडिटी, गैस, पेट में जलन और कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। रात को खाने के बाद अगर आप सुबह नाश्ता भी छोड़ देते हैं तो इससे शरीर के भूखे रहने का समय 12 से 14 घंटे का हो जाता है। इससे पेट में दर्द की परेशानी होना आम बात है।

5. शारीरिक थकान होना

सुबह नाश्ता न करने पर शरीर और दिमाग को सही मात्रा में ग्लूकोज नहीं मिलता है। इससे दिनभर थकान, कमजोरी, चिड़चिड़ापन और काम पर लंबे समय तक फोकस करने में परेशानी हो सकती है।

प्रांजल कुमत बताती हैं कि रोज सुबह का नाश्ता छोड़ना केवल भूखे रहने की आदत नहीं, बल्कि यह धीरे-धीरे कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को बढ़ा सकता है। इसलिए किसी भी स्थिति में नाश्ता नहीं छोड़ना चाहिए। अगर आपको सुबह खाना पकाने में किसी तरह की परेशानी है तो नाश्ते में ताजा फल, नट्स और सीड्स को शामिल करें।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। अगर आपको डायबिटीज, हार्ट से जुड़ी बीमारी, पाचन संबंधी समस्या या कोई अन्य बीमारी है, तो खानपान में किसी तरह का बदलाव करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।