
Also Read
सर्दियों के मौसम में अपने खाने में ऐसी चीजों को शामिल किया जाना चाहिए, जिनका तासीर गर्म हो। ताकि शरीर को गर्माहट मिल सके। ऐसी ही एक सब्जी है पालक। पालक आयरन और ढेर सारे पोषत तत्वों से भरपूर होता है। सर्दियों में पालक का साग बहुत पसंद किया जाता है। कुछ लोग पालक को सरसों के पत्ते के साथ मिलाकर साग बनाना पसंद करते हैं, जो कुछ लोग पालक को पनीर के साथ बनाते हैं। खैर, जो भी हो सर्दियों में पालक से बनी कोई भी डिश खाना सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती है। यहां हम आपको पालक पनीर की हेल्दी रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे एक बार खाकर आप रोज खाना चाहेंगे।
FSSAI की मानें, तो पालक अपने आयरन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों के लिए जाना जाता है, जो एनर्जी को बढ़ाता है, साथ ही डाइजेशन को भी बेहतर करता है। 2011 में पब्लिश हुई रिसर्च बताती है कि पनीर में कैल्शियम और प्रोटीन होता है, जो बढ़ते बच्चों और वर्क आउट करने वाले लोगों के लिए काफी फायदेमंद होता है।
पालक पनीर बनाना बेहद आसान है। हालांकि, कुछ लोगों को स्मूद पालक प्यूरी पसंद होती है, जबकि कुछ थोड़ा अलग पसंद करते हैं। पालक पनीर बनाने के लिए आपको कुछ बेसिक मसालों की जरूरत पड़ती है और यह बहुत आसानी से बन जाता है। आइए आपको इसके बनाने की विधि के बारे में बताते हैं।
पालक पनीर को बनाने के लिए सबसे पहले पालक को गर्म पानी में उबाल लें। अब इस पालक को गर्म पानी से निकाल लें और मिक्सी में या फिर हाथों से घोटने से घोट लें। जब इसकी एक एक महीन प्यूरी बन जाए तो इसे अलग रख लें। अब एक पैन में तेल या घी गर्म करें। अब इसमें जीरा, प्याज, लाल मिर्च और लहसुन व अदरक का पेस्ट डालें और हल्का ब्राउन होने तक भून लें। जब यह सारी सामग्री अच्छे से भुन जाए, तो फिर इसमें टमाटर की प्यूरी और हल्दी-मिर्च जैसे बेसिक मसाले डालें। हींग डालना बिल्कुल न भूलें। मसाला भूनने के बाद इसमें पालक प्यूरी को डाल दें और पनीर के टुकड़े भी डाल दें। फिर इसमें करीब 3-4 मिनट धीमी आंच पर पकाएं और गैस बंद कर दें।