
... Read More
संतरा सर्दियों से बचाता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। © Shutterstock
गर्मी हो, बरसात हो या हो सर्दी की ठंडक, हर मौसम का अपना मजा होता है लेकिन मजा, सजा भी बन सकता है यदी सेहत के साथ जरा सी भी लापरवाही की गई। सर्दियां शुरू ही होने वाली हैं। इससे पहले की आप मौसम बदलने से बीमार हो जाएं, सावधानियां अभी से ही बरतनी शुरू कर दें। ठंड का मौसम बहुत सी परेशानियां भी लेकर आता है। बेहद ठंडी हवा के अलावा हमारी खान-पान की आदतें भी सर्दियों में हमारे बीमार पड़ने की वजह बनती हैं। ऐसे में इस मौसम में खाए जाने वाले फलों और सब्जियों की जानकारी हमारे लिए रामबाण सिद्ध हो सकती है। आइए आपको बताते हैं ऐसे ही कुछ खास फलों और सब्जियों के बारे में जिससे आप सर्दियों और मौसम बदलने के दौरान खुद का रख सकें ख्याल, अपना भी और अपनों का भी।
फल
संतरा- विटामिन सी से भरपूर यह फल हमारी त्वचा के साथ-साथ हमारे दिल का भी खूब ख्याल रखता है। साथ ही संतरा सर्दियों से बचाता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है।
अनार- आइरन, एंटीऑक्सिीडेंट और विटामिन सी का बेहतरीन स्रोत होता है अनार। साथ ही अनार में मौजूद फाइबर की मात्रा दिल से जुड़ी परेशानियों से बचाने में मदद करती है। एनिमिया से ग्रसित लोगों को अनार का रस पीना चाहिए।
अंगूर- त्वचा, दिल से जुड़ी और अन्य तरह की बीमारियों से बचाव में अंगूर बहुत ही लाभदायक होता है। एंटीऑक्सिीडेंट, इसमें भरपूर पाए जाते हैं और इसके अलावा विटामिन ए, बी1, बी2, और पोटैशियम का भी यह बहुत अच्छा स्रोत है।
केला- ये तो केले का सेवन हर मौसम में लाभदायक होता है, लेकिन सर्दियों में यह बहुत खास होता है। और वो इसलिए क्योंकि केला पोटैशियम का सबसे बड़ा स्रोत होता है, जो कि सर्दियों के मौसम में रक्तचाप के स्तर को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है। इसके साथ ही केले में विटामिन और फाइबर की मात्रा भी खूब पाई जाती है, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
सब्जियां
पालक- मधुमेह से परेशान लोगों के रक्त में ग्लूकोज की मात्रा को नियंत्रित करने में मदद करता है पालक। कैंसर का खतरा कम करता है, रक्तचाप कम करता है, हड्डियां मजबूत करता है और आइरन, विटामिन, मिनरल से भरपूर होता है।
मक्का- मक्की का आटा, भुना भुट्टा, भाप से पका हुआ मसाला मक्का या फिर सब्जि़यों के साथ पका कर, आपको जो भी स्वाद अच्छा लगे, आप मक्का को उसी तरीके से अपने सर्दियों के भोजन में शामिल कर सकते हैं। इसमें फाइबर और विटामिन खूब होते हैं।
गाजर-मूली- गाजर विटामिन ए और एंटीऑक्सिीडेंट से भरपूर होती है, जो आपकी त्वचा और आंखों की सेहत का खूब ख्याल रखते हैं। वंही मूली में पाए जाने वाले मिनरल, विटामिन और फाइबर आपकी रोगों से लड़ने की शक्ति बढ़ाकर सर्दियों से बचाते हैं।
शकरकंद- इसमें बड़ी मात्रा में आइरन, कैलशियम, मैग्निशियम, मैगनीज और पोटैशियम पाए जाते हैं और इसके साथ ही यह रक्त में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में भी मदद करती है।
इन सब के अलावा, कुछ जड़ी-बूटी भी हैं, जैसे की तुलसी, अदरक, अजवाइन, इन्हें भी अपने नियमित भोजन में शामिल करके आप सर्दियों से स्वयं को और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।