
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : August 12, 2023 4:28 PM IST
Fruits For High Cholesterol: गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण आजकल हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या लोगों में काफी आम हो गई है। हाई कोलेस्ट्रॉल की वजह से हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट ब्लॉकेज जैसे हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। दरअसल, कॉलेस्ट्रोल हमारे खून में पाया जाने वाला एक चिपचिपा मोम जैसा पदार्थ होता है, जो कोशिकाओं को हेल्दी रखने और हार्मोन्स व डाइजेस्टिव एंजाइम्स को बनाने के लिए जरूरी होता है। हमारे शरीर में दो तरह के कोलेस्ट्रॉल होते हैं - गुड कोलेस्ट्रॉल और बैड कोलेस्ट्रॉल। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की वजह से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है, जो रक्त धमनियों में ब्लॉकेज का कारण बन सकता है। ऐसे में, हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आपको अपने खानपान और जीवनशैली का विशेष ध्यान रखना चाहिए। क्या आप जानते हैं कि कुछ हरे फलों का सेवन करने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल लेवल नियंत्रित रह सकता है। आज इस लेख में हम आपको ऐसे 5 हरे फलों के बारे में बता रहे हैं, जिनका सेवन हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या में फायदेमंद साबित हो सकता है -
आपने यह कहावत तो सुनी होगी कि रोजाना एक सेब खाने से आप डॉक्टर के पास जाने से बच सकते हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल के मरीजों को अपनी डाइट में सेब जरूर शामिल करना चाहिए। सेब में विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। सेब में पेक्टिन नामक फाइबर पाया जाता है, जो बैड कोलेस्ट्रोल के स्तर को कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद तत्व रक्त कोशिकाओं को डैमेज होने से बचाते हैं और हार्ट को हेल्दी रखते हैं।
अमरूद खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसमें मैग्नीशियम और फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं, जो बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद करते हैं। साथ ही, यह ब्लड शुगर लेवल को भी कम करने में सहायक होता है। अगर आपको हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या है, तो आपको अमरूद का सेवन करना चाहिए।
कीवी एक बेहद हेल्दी और फायदेमंद फ्रूट है। इसमें विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो हार्ट से जुड़ी बीमारियों से बचाव करने में मदद करते हैं। कीवी में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जिसकी वजह से यह बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद करता है।
आंवला भी हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। आंवला में ऐसे कई औषधीय गुण और पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो टोटल कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्सको कम करने में मदद करते हैं। साथ ही, यह पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में भी मदद करता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप एवोकाडो को अपनी डाइट के शामिल कर सकते हैं। इसमें फ्लेवनॉइड कंपाउंड पाया जाता है, जो बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद करता है। साथ ही, यह शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल लेवल को बढ़ाने में भी मदद करता है।
ये सभी हरे फल हाई कोलेस्ट्रॉल के कम करने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं। इन्हें अपनी डाइट में शामिल करके आप हार्ट को हेल्दी रख सकते हैं। हालांकि, अगर आपको कोई गंभीर बीमारी है, तो इनका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।