
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Updated : September 20, 2023 2:15 PM IST
Tilkor leaves Health Benefits : घर में आए दामाद को जब खाने पर बिठाया जाता है, तो उनकी थाली में कई सारी वैरायटीज के व्यंजनों को परोसा जाता है। इन वैरायटीज को गिनना काफी ज्यादा मुश्किल हो जाता है। खासतौर पर मिथिला क्षेत्र में 50 तरह के पकौड़े और पकौड़ी परोसने का रिवाज है। इन पकौड़ियों में तिलकोर से बनी पकौड़ी शामिल की जाती है। आप में से कई लोग इस पत्ते से अनजान हों, लेकिन यह एक ऐसा पत्ता है जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी जबरदस्त होता है। तिलकोर के पत्तों को मिथिला क्षेत्र में अक्सर पकौड़ी के रूप में (tilkor ka tarua) परोसा जाता है, लेकिन कई बड़े-बुजुर्ग इसे दवा के रूप में भी लेते हैं। खासतौर पर जिन्हें डायबिटीज की शिकायत होती हैं, उनके लिए तिलकोर का पत्ता किसी दवा से कम नहीं होता है। आइए जानते हैं इस पत्ते की खासियत और इससे होने वाले लाभ क्या हैं?
तिलकोर एक पत्ता है, जिसका वनस्पति नाम मोमोरेडिका मोनाडेल्फा (momordica monadelpha) है। यह पत्ता लगभग आपको सभी सीजन में आसानी से झाड़ियों में मिल जाता है, लेकिन मानसून में यह काफी ज्यादा हरा-भरा रहता है। यह मुख्य रूप से झाड़ियों में पाई जाती हैं। मिथिलांचल में यह लगभग हर खास मौके पर थाली में परोसी जाती हैं। खासतौर पर अगर घर में दमाद आए, तो इसे विशेष रूप से खिलाया जाता है।
इस पत्ते के अर्क में कई गुण मौजूद होते हैं, जिसमें एल्कलॉइड, फ्लेवोनोइड्स, टेरपेनॉइड, सैपोनिन इत्यादि शामिल है। इसके अलावा यह कार्ब्स और प्रोटीन का भी अच्छा स्त्रोत होता है।
तिलकोर का पत्ता डायबिटीज को कंट्रोल कर सकता है। इसमें एंटी-डायबिटीक गुण होता है। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आप डायबिटीज में इसे खाना चाहते हैं, तो तेल में डीप फ्राई करके न खाएं। इसके बजाय आप इसे साग की तरह बनाकर या फिर इसका अर्क के रूप में सेवन कर सकते हैं।
तिलकोर का पत्ता आपके पाचन तंत्र की मजबूती को बढ़ावा दे सकता है। इसमें मौजूद फाइभर कब्ज, अपच, गैस, एसिडिटी से आराम दिलाता है। साथ ही यह पाचन क्रिया को मजबूत कर सकता है, जिससे पेट दर्द और अन्य परेशानियों से आराम मिल सकता है।
तिलकोर के पत्तों में मौजूद पोषक तत्व आपके ब्लड को डिटॉक्सिफाई कर सकता है। यह खून में मौजूद अपशिष्ट पदार्थों को बाहर कर सकता है, जिससे आपकी स्किन पर भी ग्लो आ सकती है।
डायबिटीज की परेशानी से लेकर स्किन की समस्याओं को दूर करने में तिलकोर का पत्ता लाभकारी हो सकता है। हालांकि, अगर आप इस पत्ते का सेवन करने जा रहे हैं, तो ऐसी स्थिति में एक बार इसे कैसे खाते हैं इस बारे में सही से जान लें।