
Also Read
Medically Verified By: Dr. Sugeeta Mutreja
Thyroid Diet Tips in Hindi: थायराइड तितली के आकार की एक छोटी-सी ग्रंथि है, जो गर्दन के सामने स्थित होती है। यह ग्रंथि मेटाबॉलिज्म, ऊर्जा स्तर, हृदय गति, वजन, तापमान और हार्मोन संतुलन को नियंत्रित करती है। जब थायराइड हार्मोन (T3 और T4) कम या ज्यादा बनने लगते हैं, तो हाइपोथायरायडिज्म (हार्मोन कम बनना) या हाइपरथायरायडिज्म (हार्मोन अधिक बनना) जैसी समस्याएं हो जाती हैं। आजकल खराब जीवनशैली और खान-पान की वजह से थायराइड के मामलों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। खासकर, महिलाओं में थायराइड के मामले ज्यादा सामने आते हैं। थायराइड रोगियों को सुबह खाली पेट दवा खानी जरूरी होती है। इसके साथ ही उन्हें अपने खान-पान का भी विशेष ध्यान देना जरूरी होता है। आइए, आरोग्य डाइट और न्यूट्रिशन क्लीनिक की डाइटिशियन डॉ. सुगीता मुटरेजा से जानते हैं थायराइड रोगियों को क्या खाना चाहिए?
अगर आपको थायराइड है, तो अपनी डाइट में आयोडीन से भरपूर फूड्स शामिल करें। थायराइड हार्मोन बनाने के लिए आयोडीन बहुत जरूरी तत्व होता है। आयोडीन की कमी से हाइपोथायरायडिज्म और गोइटर यानी घेंघा हो सकता है। इसके लिए आप आयोडीन युक्त नमक, समुद्री मछली, समुद्री शैवाल और डेयरी प्रोडक्ट्स जरूर लेने चाहिए। आयोडीन, थायराइड ग्रंथि को T3 और T4 हार्मोन बनाने में मदद करता है। लेकिन, ज्यादा मात्रा में आयोडीन का सेवन करने से बचना चाहिए।
थायराइड रोगियों के लिए सेलेनियम भी बहुत जरूरी मिनरल है। यह T4 को सक्रिय रखने और T3 में बदलने में मदद करता है। इसके लिए आप अपनी डाइट में ब्राजील नट्स, सूरजमुखी के बीज, अंडे, मछली और साबुत अनाज को अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। सेलेनियम, एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है। यह थायराइड ग्रंथि को सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाता है। आप अपनी रोज की डाइट में इस खनिज को जरूर शामिल करें।
थायराइड रोगियों को अपनी डाइट में जिंक जरूर शामिल करना चाहिए। जब शरीर में जिंक की कमी होती है, तो इससे थायराइड हार्मोन का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसके लिए कद्दू के बीज, दाल, चना और काजू को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। जिंक थायराइड हार्मोन के निर्माण और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करता है। अगर थायराइड रोगी इन चीजों को अपनी डाइट में शामिल करेंगे, तो इससे इस हार्मोन को संतुलित रखा जा सकता है।
शरीर में आयरन की कमी से थायराइड हार्मोन का सही उपयोग नहीं हो पाता और शरीर में थकान बढ़ सकती है। अगर आपको थायराइड रोग है, तो अपनी डाइट में पालक, चुकंदर, गुड़ और दालें जरूर शामिल करें। आयरन थायराइड पेरॉक्सीडेज एंजाइम के लिए जरूरी होता है। यह हार्मोन निर्माण में मदद करता है और थायराइड हार्मोन को कंट्रोल में रखता है।
थायराइड रोगियों में वजन बढ़ना या घटना आम समस्या होती है। प्रोटीन मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है। इसके लिए आप अपनी डाइट में दालें, पनीर, अंडे, चिकन और सोया शामिल कर सकते हैं। प्रोटीन शरीर की कोशिकाओं तक हार्मोन पहुंचाने में मदद करता है। यह मांसपेशियों को मजबूत रखता है और कमजोरी को दूर भगाता है।
ज्यादातर थायराइड रोगियों में विटामिन D की कमी पाई जाती है। अगर आप में भी विटामिन डी की कमी है, तो आपको सुबह की धूप जरूर लेनी चाहिए। अपनी डाइट में मशरूम, फोर्टिफाइड दूध और अंडे जरूर शामिल करें। विटामिन D इम्यून सिस्टम को नियंत्रित करता है और ऑटोइम्यून थायराइड समस्याओं से बचाता है। इसलिए अपनी डाइट में विटामिन डी से भरपूर खाद्य पदार्थों को जरूर शामिल करें।
Disclaimer : प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।