किन लोगों को गलती से भी नहीं खाना चाहिए मटर, जानिए नुकसान की लंबी लिस्ट!

सर्दी के मौसम में हरी कच्ची मटर खाना कई लोगों को पसंद होता है। लेकिन इनका ज्यादा सेवन करना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : December 12, 2023 3:03 PM IST

मेथी मलाई मटर, मटर पुलाव, मटर की कचोरियां, आलू मटर, मटर पनीर सर्दी का मौसम शुरू होते ही लोग अपनी फेवरेट सब्जी 'मटर' का उपयोग हर डिश में करना शुरू कर देते हैं। दरअसल, मटर एक ऐसी सब्जी है, जो अधिकांश लोगों को खाना पसंद होती है। सर्दी के मौसम में लोग न सिर्फ मटर की सब्जी खाना पसंद करते है, बल्कि कच्ची हरी मटर खाना भी उन्हें पसंद होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं ज्यादा मटर खाना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जी हां, वैसे तो मटर बेहद पौष्टिक होते हैं। इनमें हाई फाइबर और कई विटामिन व खनिज पाए जाते हैं। लेकिन फिर भी इनका ज्यादा सेवन कई परेशानियों का कारण बन सकता है।

किन लोगों को नहीं खानी चाहिए मटर?

मटर स्वाद में बहुत टेस्टी होती है लेकिन जिन लोगों को डायबिटीज होता है, गैस की समस्या रहती है, ब्लोटिंग हो जाती है या फिर पेट की अन्य बीमारियां होती हैं उन्हें मटर खाने से परहेज करना चाहिए। मटर में कार्बोहाइड्रेट और शुगर होता है, जिससे डायबिटीज के मरीजों का ब्लड शुगर बढ सकता है। अधिक मात्रा में मटर खाना डायबिटीज़ के मरीजों के लिए समस्या पैदा कर सकता है। इसलिए अगर आप मटर का सेवन करना चाहते हैं तो कभी कभी कर सकते हैं। इसके अलावा मटर के साथ और कौन-कौन सी आहार सामग्रीयां शामिल हैं, यह भी महत्वपूर्ण है। अगर आप मटर को सब्जी के साथ खा रहे हैं, तो सब्जी के अन्य हिस्सों का भी ध्यान रखना चाहिए।

ज्यादा मटर खाने के साइड इफेक्ट

पेट हो सकता है खराब

ज्यादा हरी मटर खाने से आपका पेट खराब हो सकता है। इसके अत्यधिक सेवन से पेट फूलने की समस्या हो सकती है। हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की एक स्टडी के अनुसार कच्ची हरी मटर में फाइटिक और लेक्टिन जैसे कुछ एंटी पोषक तत्व होते हैं, जो गैस और पेट फूलने का कारण बनते हैं। कई बार इनके कारण पेट में सूजन भी आ जाती है। मटर में प्रचुर मात्रा में प्रोटीन होता है। ऐसे में इसके ज्यादा सेवन से आपको डायरिया की समस्या भी हो सकती है। मटर में शुगर अधिक होती है, इसके कारण इन्हें पचाने में भी ज्यादा समय लगता है। ऐसे में ये अपच और गैस का कारण भी बन जाते हैं।

बन सकते हैं पोषक तत्वों की कमी का कारण

सीमित मात्रा में मटर खाना सेहत के लिए अच्छा है, लेकिन अगर आप इन्हें ज्यादा मात्रा में खाएंगे तो ये आपके शरीर में पोषक तत्वों की कमी का कारण भी बन सकते हैं। दरअसल, मटर में एंटी न्यूट्रिएंट्स होते हैं। मटर में पाए जाने वाले लेक्टिन और फाइटिक एसिड के कारण शरीर को पोषक तत्वों को अवशोषित करने में परेशानी होती है। इसके कारण शरीर आयरन, जिंक और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों को कम अवशोषित कर पाता है।

किडनी पर डाल सकते हैं बुरा असर

मटर के छोटे-छोटे हरे मोती प्रोटीन से भरे होते हैं। ऐसे में अगर आप इन्हें बहुत ज्यादा खाते हैं तो इसका सीधा असर आपकी किडनी पर पड़ सकता है। यह शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को भी बढ़ा देते हैं। यही कारण है कि जोड़ों में दर्द का कारण भी बन जाते हैं। इनके अधिक सेवन से जोड़ों में सूजन की शिकायत भी होने लगती है।

बड़ा सवाल: क्या बंद कर दें मटर खाना?

ज्यादा मटर खाने के इन साइड इफेक्ट्स को जानकर आप जरूर चिंता में आ गए होंगे। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या हमें मटर खाना बंद कर देना चाहिए। इसका जवाब है 'नहीं'। मटर में कई गुण मौजूद होते हैं इसलिए वे पौष्टिक होते हैं, लेकिन तभी तक जब हम कंट्रोल में रहकर इसका सेवन करें। आपको रोज मटर नहीं खाने चाहिए। आप मटर को अंकुरित करके खा सकते हैं। एक बार में एक तिहाई कटोरी से ज्यादा कच्ची मटर कभी नहीं खानी चाहिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source