
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : December 2, 2023 11:53 AM IST
Cauliflower Side Effects: फूलगोभी एक ऐसी सब्जी है, जो अमूमन हर किसी को पसंद होती है। वैसे तो यह बाजार में हर मौसम में मिल जाती है। लेकिन सर्दियों के सीजन में ताजी और अच्छी फूलगोभी मिलती है। फूलगोभी के पराठे, सब्जी, पकौड़े और अचार लोग बड़े चाव से कहते हैं। यह न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होती है बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होती है इसमें विटामिन-ए, विटामिन-बी, विटामिन-सी, प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो सेहत को कई लाभ पहुंचाते हैं। हालांकि, कुछ लोगों को फूलगोभी का सेवन करने से परहेज करना चाहिए। क्योंकि इससे उनकी सेहत को कई नुकसान हो सकते हैं। इतना ही नहीं, कुछ बीमारियों में इसका सेवन करने से परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है। तो आइए, जानते हैं किन लोगों को फूलगोभी नहीं खानी चाहिए?
फूलगोभी में कुछ ऐसे कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो आसानी से नहीं टूटते हैं। जिसकी वजह से पेट में गैस बनने लगती है या ब्लोटिंग होने लगती है। इसलिए जिन लोगों को गैस या एसिडिटी की दिक्कत है, उन्हें फूलगोभी का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
जिन लोगों को थायराइड की समस्या है, उन्हें भी फूलगोभी का सेवन नहीं करना चाहिए। इसका सेवन करने से थायराइड ग्लैंड की फंक्शनिंग प्रभावित हो सकती है। इससे आपका टी3 और टी4 हार्मोन बढ़ सकता है। इसलिए थायराइड के मरीजों को फूलगोभी का सेवन न करने की सलाह दी जाती है।
किडनी स्टोन के मरीजों को फूलगोभी का सेवन करने से परहेज करना चाहिए। दरअसल, इसमें कैल्शियम की अधिक मात्रा होती है, जिससे पथरी की समस्या बढ़ सकती है। साथ ही, फूल गोभी का ज्यादा सेवन करने से शरीर में यूरिक एसिड भी बढ़ सकता है। इसलिए इन दोनों ही बीमारियों में फूलगोभी का सेवन नहीं करना चाहिए।
गर्भवती महिलाओं को फूलगोभी का ज्यादा सेवन न करने की सलाह दी जाती है। गर्भावस्था के दौरान फूलगोभी का ज्यादा सेवन करने से कब्ज, एसिडिटी या डायरिया की समस्या हो सकती है। इससे महिला और उसके शिशु की सेहत को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा, स्तनपान करवाने वाली महिलाओं को भी फूलगोभी का सेवन करने से बचना चाहिए। इससे आपके शिशु के पेट में दर्द की शिकायत हो सकती है।
फूलगोभी का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद होता है। लेकिन अगर इनमें से किसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो बेहतर है कि फूलगोभी का सेवन करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह ले लें।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.