
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : February 23, 2024 7:01 AM IST
काम की टेंशन, पार्टनर से लड़ाई, रील्स देखने के शौक, सोशल मीडिया का चस्का, वेब सीरीज देखने की आदतों ने अगर आपकी नींद उड़ा दी हैं तो आपको संभलने की जरूरत है। हालांकि नींद खराब होने के पीछे एक और महत्वपूर्ण पहलू भी है जिस पर आमतौर पर लोगों का ध्यान नहीं जाता और वो है आपका आहार। जी हां, आप क्या खाते हैं और कितना खाते हैं इसका असर भी आपकी नींद पर पड़ता है। अपर्याप्त नींद आपको कई परेशानियों में डाल सकती है। इसलिए सोने से पहले आपको कुछ खाद्य पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए। क्या हैं ये, हम आपको बताते हैं।
मसालेदार, चटपटा खाना आपको भले ही टेस्टी लगता है, लेकिन ये आपके पेट और नींद दोनों की खराब कर सकता है। ज्यादा मसालों के कारण सीने में जलन या एसिड रिफ्लक्स की परेशानी हो सकती है, जिससे अच्छी नींद नहीं आ पाती है। इसलिए सोने से पहले हल्का खाना खाएं।
कैफीन आपकी नींद की दुश्मन है। एक अध्ययन के अनुसार सोने से छह घंटे पहले ली कई कैफीन भी आपकी नींद को प्रभावित करती है। इसलिए सोने से पहले हमेशा हर्बल टी या गर्म दूध का सेवन करें।
कहा जाता है कि रात में डिनर हमेशा कम और हल्का करना चाहिए। इसके पीछे का कारण है बेहतर पाचन और अच्छी नींद। लेकिन अक्सर लोग इसका उल्टा करते हैं। डिनर हमेशा हैवी करते हैं। जब शरीर में हाई फैट फूड जाते हैं तो ये आपके डाइजेशन को बिगाड़ते हैं और नींद में खलल पैदा करते हैं।
मीठे के बिना खाना अधूरा माना जाता है। लेकिन यही मीठा आपकी नींद खराब कर सकता है। जब आप मीठे स्नैक्स खाते हैं तो आपकी ब्लड शुगर बढ़ जाती है, जिससे आपको सोने में परेशानी हो सकती है। इसलिए मिठाई की जगह आप हेल्दी विकल्प चुनें, वो भी सीमित मात्रा में।
अधिकांश लोग डिनर टाइम में जंक फूड या फास्ट फूड खाना पसंद करते हैं। लेकिन इनमें बहुत ज्यादा सोडियम, नमक, शुगर और अनहेल्दी फैट होते हैं। ये सभी आपके पाचन और नींद में बाधा डालते हैं। इनकी जगह आप सलाद, हल्के मसाले के खाने को चुनें।
डार्क चॉकलेट खाने में भले ही अच्छी लगती है, लेकिन इसमें अमीनो एसिड और कैफीन दोनों की मात्रा ज्यादा होती है। अमीनो एसिड आपकी नींद को खराब करता है। इससे आपको तुरंत एनर्जी मिलती है, जिससे भी नींद प्रभावित होती है। इसलिए डॉर्क चॉकलेट आपको रात की जगह दोपहर में खानी चाहिए।
कार्बोनेटेड ड्रिंक्स और शराब पीना आजकल बहुत ही कॉमन हो गया है। अक्सर लोग थकान उतारने या मूड फ्रेश करने के लिए इनका सेवन करते हैं। लेकिन ये दोनों ही आपकी अच्छी नींद को बुरे सपने में बदल सकते हैं। कार्बोनेटेड ड्रिंक्स के कारण पेट में गैस, सूजन के साथ ही अपच हो सकती है। जिससे रात में सोते समय आपको परेशानी हो सकती है। वहीं शराब भले ही आपको नींद का एहसास करवाए, लेकिन यह आपको अच्छी नींद नहीं आने देती है।