
Also Read
क्या आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है कि टेंशन के दौरान कुछ अच्छा सा खाकर आपका मूड ठीक हो जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आहार और तनाव का आपस में गहरा कनेक्शन है। यह कनेक्शन आपके तनाव को कम कर सकता है। यही कारण है कि हेल्थ एक्सपर्ट तनाव कम करने के लिए संतुलित आहार करने पर जोर देते हैं। कुछ ऐसे सुपरफूड्स भी हैं जो स्ट्रेस बस्टर के रूप में आपके काम आ सकते हैं। जब भी आप तनाव या चिंता महसूस करें तो इन घरेलू एंटीडिप्रेसेंट का सेवन करना आपको रिलैक्स करेगा।
बेरीज (जामुन) आपके तनाव को कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट कोशिका क्षति को रोकते हैं। इतना ही नहीं जामुन की गुठली भी बहुत काम की होती है और मेंटल हेल्थ को सुधारने के लिए किसी औषधि की तरह काम करती है। यह आपके तनाव को कम कर आपकी थकान दूर करने में भी मदद करती है। आप जामुन की गुठली के पाउडर के काढ़े का नियमित सेवन कर सकते हैं।
तनाव को कम करने का टेस्टी और हेल्दी विकल्प है काजू। काजू में 14 से 20 प्रतिशत तक जिंक होता है, जो तनाव को दूर करता है। इसी के साथ काजू ट्रिप्टोफैन का एक अच्छा स्रोत है। यह एक न्यूरोकेमिकल के रूप में काम करता है, जो तनाव को कम कर ब्रेन हेल्थ को बूस्ट करने में मददगार होता है।
अपनी डाइट में कुछ बीज यानी सीड्स को शामिल करके आप तनाव से बड़ी राहत पा सकते हैं। अलसी, चिया सीड्स, कद्दू के बीज और सूरजमुखी के बीज मैग्नीशियम का बड़ा सोर्स हैं। इनके नियमित सेवन से आपका मूड अच्छा रहता है। इसी के साथ बादाम, अखरोट, पिस्ता जैसे नट्स ओमेगा-3 फैटी एसिड और मैग्नीशियम से भरपूर होते हैं जो टेंशन दूर करने में मदद करते हैं।
अंडे न सिर्फ आपको शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि ये आपकी मानसिक सेहत का भी ध्यान रखते हैं। अंडे में मैग्नीशियम और अमीनो एसिड भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जो हैप्पी हार्मोन सेरोटोनिन के उत्पादन में मदद करते हैं, जिससे तनाव कम होता है।
ताजे फल और सब्जियां आपको न सिर्फ स्वस्थ रखते हैं, बल्कि टेंशन को भी कम करते हैं। एवोकाडो आपके तनाव को कम करने में मदद करता है। इसमें हेल्दी फैट के साथ ही, फाइबर, विटामिन सी और बी 6 होता है, ये सभी स्ट्रेस बस्टर के रूप में काम करते हैं। वहीं फोलेट से भरी हुईं हरी पत्तेदार सब्जियां आपके शरीर में न्यूरोट्रांसमीटर का उत्पादन बढ़ाती हैं, जिससे आप रिलैक्स महसूस करते हैं।
सैल्मन और सार्डिन से भरपूर विटामिन डी आपको मूड स्विंग्स से बचाकर टेंशन को कम करता है। वहीं दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स तनाव को घटाता है। अध्ययनों से पता चला है कि दही के सेवन से तनाव हार्मोन का स्तर कम होता है और मूड में सुधार होता है। दूध में मौजूद ट्रिप्टोफैन, मेलाटोनिन और विटामिन बी जैसे पोषक तत्व भी टेंशन को खत्म करते हैं।
अगर आप चाहते हैं कि आपका टेंशन कंट्रोल में रहे तो कुछ खाद्य पदार्थों से दूरी बनाना आपके लिए अच्छा है। आप ज्यादा चीनी, ट्रांस फैट, सोडियम वाले खानों से दूर रहें। ये सभी आपके टेंशन को ट्रिगर करते हैं। इनकी जगह हेल्दी विकल्पों को चुनें।