
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : February 16, 2024 3:19 PM IST
समोसे, कचोरी, आलू टिक्की, घी में बने पराठे, मिठाइयां आदि आपको स्वाद के साथ ही अनचाहा बैड कोलेस्ट्राॅल भी दे रहे हैं। भारतीय लोगों के बिगड़े हुए खान-पान और एक्सरसाइज की कमी के कारण लोग हाई कोलेस्ट्राॅल के शिकार हो रहे हैं। अध्ययन के अनुसार 25 से 30 प्रतिशत शहरी भारतीय और 15 से 20 प्रतिशत ग्रामीण भारतीय हाई कोलेस्ट्राॅल की चपेट में हैं। चिंताजनक बात ये है कि इनमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हैं। जिसके कारण कम उम्र में हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। यानी कोलेस्ट्राॅल के बढ़ते स्तर की अनदेखी करना आपके लिए जानलेवा भी साबित हो सकती है। ऐसे में जरूरी है कि आप समय रहते इसे कंट्रोल करने पर ध्यान दें। दूध भी इस मुश्किल काम को आपके लिए आसान बना सकता है। चलिए जानते हैं वो कौनसे 4 दूध हैं जो कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं।
कोलेस्ट्राॅल हमारे शरीर के लिए एक जरूरी तत्व है। यह पाचन तंत्र को मजबूत करने के साथ ही कई हार्मोंस के उत्पादन में मदद करता है। लेकिन जब शरीर में इसका स्तर बढ़ने लगता है तो यह जानलेवा बन सकता है। यह धमनियों में जमकर उन्हें बाधित करने लगता है। जिसके कारण ह्रदय तक ठीक से ब्लड सर्कुलेशन नहीं हो पाता और हार्ट अटैक व स्ट्रोक की आशंका बढ़ जाती है।
अगर आप कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम करना चाहते हैं तो आप हमेशा मलाई के बिना दूध पिएं। बिना मलाई का दूध कम फैट और कोलेस्ट्रॉल वाला होता है, लेकिन इसमें कैल्शियम और विटामिन डी का स्तर बना रहता है। ये 4 तरीके के दूध भी कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मददगार रहेंगे।
हेल्दी और फिट रहने के लिए सोया मिल्क बहुत फायदेमंद है। इस दूध में प्लांट स्टेरोल्स होते हैं, जो बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करते हैं। खास बात यह है कि यह दूध कोलेस्ट्रॉल फ्री होता है। अनसैचुरेटेड फैट से भरपूर सोया मिल्क आपके हार्ट को भी हेल्दी रखता है। हालांकि सोया मिल्क प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत है। इसमें कैल्शियम, फाइबर, विटामिन डी भी भरपूर होता है।
बादाम मिल्क भी शरीर में कोलेस्ट्राॅल के स्तर को कम करने में मददगार होता है। मोनोअनसैचुरेटेड फैट के कारण इसके सेवन से आपका कोलेस्ट्राॅल बढ़ता नहीं है, जिससे दिल सेहतमंद रहता है। बादाम का दूध विटामिन ई का एक अच्छा स्रोत है, जो एक एंटीऑक्सीडेंट है जो शरीर को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है। मैग्नीशियम और कैल्शियम से भरपूर यह दूध आपको पूरा पोषण देता है।
ओट मिल्क को कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए वरदान माना जाता है। इसके सेवन से शरीर को कई लाभ होते हैं। ओट मिल्क में मौजूद बीटा-ग्लूकन नामक फाइबर हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में सहायक हो सकता है। ओट मिल्क में कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे कई अन्य पोषक तत्व भी होते हैं जो बेहद हेल्दी होते हैं।
पोषण और सेहत का पावर पैक है लो फैट मिल्क। नियमित रूप से लो फैट वाला मिल्क पीने से आपको बहुत फायदा मिलेगा। इससे आपके कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम होता है। लो फैट मिल्क में वसा की मात्रा कम होने से हृदय रोगों का खतरा कम होता है। यह वजन भी नहीं बढ़ाता।