1 साल के बच्चे को गर्मियों में क्या खिलाना चाहिए? जानें पूरे दिन में उनके लिए कितना खाना है जरूरी

1 year baby food in summer : गर्मियों में अगर आपका बच्चा खाने से इनकार कर रहा है, तो डाइटीशियन के हिसाब से उनको खाना दें। इससे आपके बच्चे को भरपूर पोषण मिल सकता है। आइए जानते हैं इस बारे में-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : May 7, 2026 10:03 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Kamini Sinha

Baby Food in Summer : बड़ों की तरह बच्चों को भी गर्मियों में कम भूख लगती है। ऐसे में माता-पिता घबरा जाते हैं। उनके मन में एक ही सवाल उठता है कि आखिर उनका बच्चा खाना क्यों नहीं खा रहा है? क्या उन्हें पूरा पोषण मिल रहा है? अगर आप भी इस बात को लेकर परेशान हैं, तो घबराएं नहीं। हम इस लेख में आपको गर्मियों के लिए बच्चों के कुछ ऐसे डाइट के बारे में बताएंगे, जिससे आपके बच्चों को भरपूर रूप से पोषण मिल सकता है। इससे पहले यह जानना जरूरी है कि आखिर गर्मियों में बच्चा खाने से मना क्यों करता है? इस विषय पर अधिक जानकारी के लिए हमने डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी से बातचीत की  है। आइए जानते हैं 1 साल के बच्चों को गर्मियों में किस तरह का आहार देना चाहिए?

गर्मी में बच्चा खाने से क्यों करता है इनकार?

गर्मियों में बच्चों को कम भूख लगना या खाने से मना करना काफी कॉमन है। दरअसल, मई-जून के महीने में काफी ज्यादा गर्मी रहती है, जिससे उनके शरीर का तापमान बढ़ जाता है। ऐसे में उनकी पाचन क्रिया भी धीमी हो जाती है, जिससे उन्हें भारी चीजें खाने की इच्छा कम होती है। इस दौरान हमारी तरह बच्चों का शरीर भी पानी की अधिक मांग ज्यादा करता है।

1 साल के बच्चे को गर्मी में क्या खिलाएं?

डायटीशियन बताती हैं कि 1 साल के बच्चे को गर्मियों में ऐसा खाना देना चाहिए, जो हल्का, पौष्टिक और हाइड्रेटिंग हो। इस उम्र में बच्चा तेजी से बढ़ रहा होता है, इसलिए खाने में पोषण और पानी दोनों का संतुलन होना जरूरी होता है।

1 Year Baby Summer Food Image Credit : ChatGPT

सबसे पहले दें मौसमी फल

गर्मियों में आप अपने बच्चों को मौसमी फल दे सकते हैं, जिसमें तरबूज, आलू बुखारा, खरबूजा, केला, आम और नाशपाती जैसी चीजें शामिल हैं। हालांकि, फल देते समय इस बात का ध्यान रखें कि एक बार में बच्चे को थोड़ा-थोड़ा फल दें और देखें कि बच्चा कैसे रिएक्ट करता है। अगर बच्चा अच्छे से फल खा रहा है, तो आप उसे दे सकते हैं।

बच्चे को खिलाएं दही और घर पर बनी ठंडी चीजें

गर्मी में बड़ों की तरह बच्चों को भी कुछ ठंडा खाने का मन करता है। इसलिए उन्हें घर की जमी दही, कर्ड राइस, लस्सी, छाछ जैसी चीजें दे सकते हैं। दही पेट को ठंडक देता है और गट हेल्थ के लिए अच्छा है।

बच्चों को खिलाएं हल्का और पौष्टिक खाना

अगर आपके बच्चे की उम्र 1 साल या फिर उसके आसपास की है, तो इस सीजन में उन्हें कुछ हल्का फुल्का खिलाएं। कोशिश करें कि बच्चे को दलिया, मूंगदाल की खिचड़ी, उबला आलू मैश गाजर, कद्दू, लौकी की प्यूरी इत्यादि दें।

पानी की कमी न होने दें

अगर बच्चा 6 महीने से बड़ा है तो थोड़ा-थोड़ा पानी दें। इसके साथ ही डॉक्टर की सलाह पर आप उन्हें पूरे दिन में नारियल पानी 2-3 चम्मच दे सकते हैं। इसके अलावा कम चीनी और कम नमक वाला नींबू पानी भी बच्चे को दिया जा सकता है। ध्यान रखें कि अगर बच्चा अभी भी ब्रेस्टफीड या फॉर्मूला ले रहा है, तो गर्मियों में फीडिंग बढ़ सकती है, क्योंकि बच्चे को प्यास ज्यादा लगती है। यह सामान्य है।

1 साल के बच्चे को कितना खाना चाहिए?

1 साल के बच्चे को दिन में 3 मेन मील दें, कोशिश करें कि उनका ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर पोषण से भरपूर हो। इसके साथ ही बीच-बीच में 2-3 स्नैक्स भी दे सकते हैं। 1 साल की उम्र के बच्चों को हर 3-4 घंटे में थोड़ा-थोड़ा खाना खिलाएं। डायटीशियन का कहना है कि 1 से 2 साल के बच्चे को आमतौर पर प्रति दिन करीब 1,000 कैलोरी की जरूर होती है। ऐसे में कोशिश करें कि हर मील में लगभग आधा से 1 कप ठोस आहार जरूर जोड़ें।

Disclaimer : ध्यान रखें कि गर्मियों में बड़ों की तरह बच्चों का भी पाचन धीमा हो जाता है, ऐसे में अगर वो खाना खाने से इनकार कर रहा है, तो जिद्द करके खाना खिलाने की कोशिश न करें। इससे बच्चे को परेशानी हो सकती है। वहीं, उन्हें हल्की और ठंडी चीजें खिलाएं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.