
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : August 3, 2022 3:55 PM IST
side effects of over drinking cardamom milk
दूध को संपूर्ण आहार (milk is a complete food) की श्रेणी में रखा जाता है, क्योंकि इसमें लगभग वे सभी पोषक तत्व जैसे प्रोटीन, वसा, कार्बोहाइड्रेट, सभी प्रमुख विटामिन और विभिन्न खनिज आदि प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जीवित रहने के लिए जरूरी होते हैं। ठीक उसी प्रकार इलायची को भी सभी मसालों की रानी कहा जाता है, क्योंकि इसमें अनेक प्रकार के औषधीय और फ्लेवरिंग गुण होते हैं। हल्के मीठे दूध में इलायची उबालकर पीना बहुत से लोगों को पसंद होता है। कई बार लोग फ्लेवर बढ़ाने के लिए दूध में ज्यादा इलायची उबाल लेते हैं और दिन में कई बार इलायची वाले दूध का सेवन करने लग जाते हैं। इलायची से मिलने वाला फ्लेवर कुछ लोगों को इतना भा जाता है कि वे बार-बार इलायची दूध पीने लगते हैं, जिससे हेल्थ को भी नुकसान हो सकता है। इस लेख में हम जानेंगे कि दूध में ज्यादा इलायची डालकर या अधिक मात्रा में इलायची वाला दूध पीकर हेल्थ को क्या नुकसान हो सकते हैं।
जैसा कि आपको पता है कि इलायची एक स्ट्रॉंग फ्लेवर है और दूध में इसे डालने पर पूरे दूध का स्वाद बदल जाता है। लेकिन यह फ्लेवर ज्यादा होने पर कुछ लोगों के मुंह में धातु जैसा स्वाद आने लगता है, जिसे सामान्य भाषा में मुंह का स्वाद बिगड़ना कहते हैं। हालांकि, कुछ दिन इलायची का सेवन बंद करके मुंह के टेस्ट को फिर से ठीक किया जा सकता है।
दूध में भी कुछ ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो कुछ लोगों के पेट को खराब कर देते हैं और उन्हें उल्टी व मतली जैसी समस्याएं होने लगती हैं। वहीं ज्यादा मात्रा में इलायची का सेवन करने से भी उल्टी और मतली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, ऐसा जरूरी नहीं है कि सभी लोगों के इलायची व दूध से ऐसी समस्याएं हों।
कुछ लोगों को इलायची के फ्लेवर वाला दूध इतना अच्छा लगता है कि वे न चाहते हुए भी ज्यादा पी लेते हैं। ज्यादा मात्रा में पीया गया दूध कुछ लोगों की पाचन प्रणाली को प्रभावित कर देता है और उन्हें कब्ज जैसे लक्षण होने लगते हैं। वैसे तो इलायची कब्ज को दूर करने में मदद कर सकती है, लेकिन हर व्यक्ति का शरीर अलग-अलग तरीके से काम करता है।
कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि ज्यादा इलायची का सेवन पित्त में पथरी का कारण बन सकता है, साथ ही दूध में मौजूद वसा व अन्य कई ऐसी चीजें हैं, जो पित्त की पथरी जैसी समस्याओं को गंभीर बना सकती है। इसलिए जिन लोगों को पित्त में पथरी है, उनके लिए इलायची वाला दूध ज्यादा मात्रा में पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
जैसा कि हमने आपको ऊपर भी बताया है, हर व्यक्ति के शरीर की तासीर अलग होती है और इसलिए उनके शरीर पर इलायची व दूध का क्या प्रभाव पड़ता है यह भी अलग हो सकता है। इसलिए जरूरी नहीं है कि जो लगो इलायची वाला दूध पीना पसंद करते हैं, उन्हें उपरोक्त बीमारियां होने का खतरा ज्यादा है। लेकिन फिर भी आपको एक बार इस बारे में सलाह ले लेनी चाहिए।