Garlic in hindi: बहुत ही लोगों को लहसुन खाना पसंद नहीं होता है। कुछ लोगों को तो लहसुन की गंध से ही नफरत हो जाती है और अगर खाने में उन्हें लहसुन की थोड़ी सी भी गंध आ जाए, तो वे खाना ही छोड़ देते हैं। लहसुन वैसे तो सब्जी की श्रेणी में आता है, लेकिन इसकी तीखी गंध होने की वजह से इसे भारतीय रसोई में ताजे मसाले के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। लहसुन खाने को चटपटा बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी अनेक लाभ देता है और इसलिए हमेशा बुजुर्ग इसे खाने की सलाह देते हैं। लेकिन क्या आपको पता है, लहसुन का ज्यादा सेवन करना स्वास्थ्य को फायदा नहीं नुकसान भी पहुंचा सकता है। आपने लहसुन के फायदों के बारे में तो जरूर सुना होगा, लेकिन इससे होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में बहुत ही कम लोगों को पता होता है। चलिए जानते हैं ज्यादा लहसुन का सेवन स्वास्थ्य को क्या नुकसान पहुंचा सकता है और इसका कितनी मात्रा में सेवन उचित रहता है।
एक सीमित मात्रा में लहसुन का सेवन करने से पाचन क्रिया सही रहती है, वहीं अगर इसका इस्तेमाल ज्यादा मात्रा में कर लिया जाए तो यह पाचन क्रिया को खराब भी कर सकता है। लहसुन में फ्रूक्टैन्स नाम का एक खास कार्ब होता है, जो कुछ लोगों में पेट फूलना, बार-बार गैस आना, डकार आना और पेट दर्द का कारण बन सकता है।
ज्यादा मात्रा में लहसुन का सेवन करने से मुंह से लहसुन जैसी बदबू आने लगती है, जो काफी जिद्दी हो सकती है। वहीं लहसुन का ज्यादा सेवन करने से इसोफेजियल स्फिंक्टर कमजोर पड़ जाता है, जिससे सीने में जलन व खट्टी डकार आना आदि लक्षण भी हो सकते हैं। हालांकि, सीने की जलन व मुंह की बदबू आमतौर पर अस्थायी होती है और अपने आप ठीक हो जाती है।
लहसुन में एंटीथ्रोम्बोटिक प्रोपर्टीज होती हैं, जो रक्त को पतला करने का काम करती हैं। ज्यादा मात्रा में लहसुन खाने से खून ज्यादा पतला हो सकता है, जिससे घाव से बह रहा खून बंद न होना, नाक से खून आना और मसूड़ों से खून निकलना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर आप पहले से ही कोई ब्लड थिनर दवा ले रहे हैं, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। इसलिए लहसुन को उचित मात्रा में खाना ही सही है।
लहसुन में कई ऐसे एजेंट पाए जाते हैं, जो लिवर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। साथ ही ज्यादा लहसुन शरीर में विषाक्त पदार्थ पैदा कर सकता है, जिससे कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं होने का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं जो लोग ताजे लहसुन की जगह लहसुन के पाउडर का इस्तेमाल करते हैं, उनके शरीर में विषाक्त पदार्थ बनने का खतरा और भी ज्यादा रहता है।
एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना लहसुन की 1 या 2 गांठ ही लेनी चाहिए, इससे ज्यादा मात्रा में सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि, व्यक्ति की उम्र, उससे पहले से मौजूद बीमारियां, उसके द्वारा ली जा रही दवाएं व अन्य सप्लीमेंट्स के अनुसार लहसुन की मात्रा को कम या ज्यादा किया जा सकता है। इसलिए आपकी शारीरिक क्षमता के अनुसार लहसुन की सही मात्रा का पता लगाने के लिए किसी अच्छे डाईटीशियन से संपर्क करें।
Follow us on