Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
-
- हिंदी
Should You Eat Eggs In Summer: अंडे का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसमें प्रोटीन, विटामिन्स और मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। अंडे का सेवन करने से इम्यूनिटी बूस्ट करने के साथ-साथ मसल्स बिल्डिंग में भी मदद मिलती है। इसके अलावा, वजन कम करने के लिए भी अंडे बहुत फायदेमंद होता है। लेकिन अक्सर कई लोगों के मन में ये सवाल रहता है कि क्या गर्मियों में अंडा खाना चाहिए या नहीं? दरअसल, अंडे की तासीर गर्म होती है, इसलिए गर्मी आते ही कई लोग अंडे खाने से दूरी बना लेते हैं। कई लोगों के मन में कहीं न कहीं यह भ्रम रहता है कि अंडा खाने से उनकी तबीयत खराब हो सकती है। आइए, डाइट्रीफिट की डायटीशियन अबर्ना माथीवानन से जानते हैं कि क्या गर्मी में अंडे का सेवन कर सकते हैं?
अंडा हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। अंडे में प्रोटीन भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। इसके अलावा इसमें विटामिन-ए, विटामिन-बी12, विटामिन-डी, कैल्शियम और आयरन जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने में मदद करते हैं। यदि आप गर्मी के मौसम में अंडे का सेवन करना चाहते हैं, तो आप इसे सब्जियों के साथ मिलाकर खा सकते हैं। दरअसल, अंडे को कार्बोहाइड्रेट और ग्लूटेन वाले फूड्स के साथ खाने में शरीर में गर्मी बढ़ सकती है और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। आप गर्मियों में रोजाना एक से दो अंडे का सेवन कर सकते हैं।
अंडे में भरपूर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है, जो शरीर को लंबे वक्त तक ऊर्जा प्रदान करता है। साथ ही, अंडे में मौजूद विटामिन-ए और विटामिन-ई आंखों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने, इम्यूनिटी को बूस्ट करने और शरीर को ऊर्जा देने में मदद करते हैं। इसके अतिरिक्त अंडा दिमाग और आंखों की सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है।
अंडे में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। यदि आप अंडे का सेवन अधिक मात्रा में करते हैं, तो इससे शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ सकता है, जिससे हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ जाता है। इसके अतिरिक्त, गर्मियों में अधिक मात्रा में अंडे का सेवन करने से पाचन समस्याएं, एलर्जी और उल्टी की समस्या भी हो सकती है। इसके अलावा, यदि अंडे को ठीक तरह से पकाकर न खाया जाए, तो फूड पॉइजनिंग भी हो सकती है।
यदि आप गर्मी के मौसम में अंडे का सेवन करना चाहते हैं, तो अंडे का पीला हिस्सा खाने से बचें क्योंकि यह ज्यादा गर्म होता है। आप अंडे को सलाद के साथ खा सकते हैं। साथ ही, आप इसको कम तेल में ऑमलेट या भुर्जी बनाकर भी खा सकते हैं। इसके अलावा, आप गर्मियों में अंडे का फ्रिटाटा बनाकर भी खा सकते हैं। दरअसल, फ्रिटाटा अंडे से बनाई जाने वाली एक डिश होती है, जिसे बहुत सारी सब्जियों और पनीर के साथ मिलाकर बनाया जाता है। यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ काफी हेल्दी भी होती है।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।