क्या शुगर में खा सकते हैं चुकंदर? जानें रोजाना कितनी मात्रा में खाना चाहिए
Diabetes and bbeetroot: डायबिटीज में चुकंदर खाना सुरक्षित है या नहीं? इसके बारे में जानकारी के लिए आइए एंडोक्रिनोलोजिस्ट से विस्तार से समझते हैं शुगर में चुकंदर कितना खाना चाहिए और क्या है इसके फायदे और नुकसान
Beetroot for Sugar : डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट को लेकर काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। ऐसे में कई लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या डायबिटीज में चुकंदर खाना उनके लिए सुरक्षित है या नहीं। चुकंदर अपने गहरे लाल रंग, पोषक तत्वों और स्वास्थ्य लाभों के लिए जाना जाता है, लेकिन इसमें नैचुरल शुगर भी होती है। यही वजह है कि कई डायबिटीज मरीज इसे खाने से बचते हैं।
नारायणा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. अभिनव कुमार गुप्ता का कहना है कि चुकंदर को पूरी तरह से डायबिटीज की डाइट से बाहर करने की जरूरत नहीं होती। सही मात्रा और संतुलित आहार के साथ इसका सेवन किया जा सकता है।
चुकंदर में कौन-कौन से पोषक तत्व पाए जाते हैं?
चुकंदर में कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जिसमें फाइबर, फोलेट (Vitamin B9), पोटैशियम, आयरन, मैग्नीशियम, एंटीऑक्सीडेंट्स, नाइट्रेट्स इत्यादि शामिल होते हैं। ये पोषक तत्व शरीर के विभिन्न कार्यों को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
क्या चुकंदर ब्लड शुगर बढ़ाता है?
डायटीशियन का कहना है कि चुकंदर में नैचुरल शुगर होती है, लेकिन इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) मीडियम रेंज में माना जाता है। साथ ही इसमें फाइबर भी मौजूद होता है, जो शुगर के अवशोषण को धीमा करने में मदद कर सकता है।
इसका मतलब यह नहीं है कि चुकंदर को आप असीमित मात्रा में खा सकते हैं। अधिक मात्रा में सेवन करने पर ब्लड शुगर पर असर पड़ सकता है। इसलिए मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है।
डायबिटीज मरीजों के लिए चुकंदर खाने के क्या फायदे हैं?
- फाइबर पाचन को बेहतर बनाने और ब्लड शुगर के उतार-चढ़ाव को कम करने में मदद कर सकता है।
- डायबिटीज के मरीजों में हृदय रोग का खतरा अधिक होता है। चुकंदर में मौजूद नाइट्रेट्स ब्लड वेसेल्स को रिलैक्स करने और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
- चुकंदर में बेटालेन्स नामक एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद कर सकते हैं।
- कुछ अध्ययनों के अनुसार चुकंदर में मौजूद नाइट्रेट्स ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में सहायक हो सकते हैं।
कितना चुकंदर खाना ठीक है?
डायबिटीज में सामान्य तौर पर एक छोटी कटोरी चुकंदर या लगभग 50-100 ग्राम चुकंदर खाना चाहिए। हालांकि, इसकी सही मात्रा व्यक्ति की उम्र, ब्लड शुगर स्तर, दवाओं और कुल डाइट पर निर्भर करती है।
Disclaimer: डायबिटीज के मरीज सीमित मात्रा में चुकंदर का सेवन कर सकते हैं। इसमें मौजूद फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और अन्य पोषक तत्व स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। हालांकि इसका सेवन संतुलित आहार के हिस्से के रूप में करना चाहिए और ब्लड शुगर की नियमित निगरानी भी जरूरी है। यदि आपकी शुगर अनियंत्रित रहती है, तो डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटीशियन से सलाह लेना बेहतर होगा।